महाकाल मंदिर के पूर्व भस्मारती सह प्रभारी ने की आत्महत्या
महाकाल मंदिर कर्मचारियों में भी घटना से शोक

उज्जैन में महाकाल मंदिर के पूर्व भस्मारती सह प्रभारी गौरव शर्मा (36) ने 11 अगस्त 2025 की सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके निधन की खबर से मंदिर के कर्मचारियों और परिचितों में शोक की लहर है। किसी को भी विश्वास नहीं हो रहा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। गौरव को कुछ समय पहले श्री महाकाल अन्य क्षेत्र का सह प्रभारी बनाया था।
यह घटना सोमवार सुबह नीलगंगा थाना क्षेत्र की साईं धाम कॉलोनी में स्थित उनके घर की है। जब उनके पिता अशोक शर्मा ने घर का दरवाजा बंद देखा और अंदर झांका तो गौरव का शव फंदे पर लटका मिला। गौरव की पत्नी अर्चना अपने 2 बच्चों के साथ राखी के त्यौहार पर इंदौर गई हुई थीं। इस कारण घर में कोई मौजूद नहीं था।
रेलवे का त्योहारों पर तोहफा: ट्रेन की ‘राउंड ट्रिप’ टिकट पर 20% की छूट!
सुबह तक थे दोस्तों के साथ, फिर उठाया ये कदम
पुलिस के अनुसार, गौरव शर्मा सुबह 4 बजे तक सक्रिय थे। गौरव का ट्रैवल्स का भी व्यवसाय था और वे अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उन्होंने अपनी गाड़ी ओंकारेश्वर के लिए भेजी और फिर अपने दोस्तों शुभम और राहुल के साथ चाय पीने गए। उन्होंने दोस्तों से कहा कि वह घर जाकर सोएंगे। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। दोपहर में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो भाई भी मंदिर की सेवा में रत
गौरव के दो बड़े भाई अभिषेक शर्मा चिंतामन गणेश मंदिर के प्रबंधक है। वे कुछ समय पहले तक श्री महाकाल मंदिर में प्रोटोकाल अधिकारी थे। दूसरे भाई चंदन शर्मा भी मंदिर समिति के कर्मचारी हैं। माता श्रीमती यशोदा शर्मा मंदिर से जुड़ी हैं और वे पूर्व में विकास प्राधिकरण संचालक भी रह चुकी हैं। प्रतिष्ठित परिवार के युवक द्वारा अचानक यह कदम उठाने से सभी हतप्रभ हैं।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए हम समाचार आज परिवार प्रार्थना करते हैं। आप हमेशा हमारी यादों में रहेंगे। इस दु:ख को सहने की भगवान महाकाल शर्मा परिवार को हिम्मत दे।
हमारी संवेदनाएं।
-हरिओम राय