उज्जैनमध्यप्रदेश

उज्जैन: बुजुर्ग नेताओं की आधी रात को हिरासत से भड़के किसानों ने जाम किया आगर रोड,

हजारों वाहन फंसे; किसानों ने अधिकारियों से कहा-आपसे हाथ जोडक़र निवेदन है हमारे बुजुर्ग किसानों को छोड़ दो

उज्जैन: उज्जैन में रविवार को सैकड़ों किसानों ने अनाज मंडी के सामने आगर रोड पर जाम लगा दिया। दरगाह गेट के समक्ष किसानों का चक्काजाम आंदोलन सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। इस कारण नेशनल हाइवे पर दोनों ओर से हजारों वाहनों की कतार लग गई।

धरने पर बैठे किसानों को समझाने आए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को किसानों ने कहा आप लोगों ने हमारे बुजुर्ग किसानों को आधी रात को घर से उठा लिया है जो गलत है। हम आप लोगों के हाथ जोड़ते हैं उन्हें छोड़ दो तो हम चक्काजाम समाप्त कर देंगे।

आंदोलन समाप्त कराने के लिए घर से उठा रहे

आंदोलन कर रहे अशोक जाट ने बताया कि सभी किसान सिंहस्थ भूमि से जुड़े गांवों के हैं। योजना के विरोध में सभी रविवार सुबह जल आंदोलन करने वाले थे।

लेकिन पुलिस ने रात 3 बजे घर पर सो रहे उनके बुजुर्ग नेताओं को हिरासत में ले लिया।ये वे किसान हैं जिन पर जीवन में कभी मामूली अपराध भी नहीं किया आज उन्हें पुलिस हिरासत मेें बैठा रखा है।

अशोक जाट ने बताया कि हम शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं लेकिन पुलिस प्रशासन हमें उत्तेजित होने के लिए मजबूर कर रहा है। लेकिन हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण रूप से जारी रहेगा।

आंदोलन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात

चक्काजाम स्थल आगर रोड पर दोपहर 12 बजे तक भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी वज्र व अन्य वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा के बाद शांतिपूर्वक आंदोलन समाप्त हुआ।

Related Articles

Back to top button