मध्यप्रदेश

उज्‍जैन में राम घाट स्थित भगवान पुरुषोत्‍तम की मूर्ति से छेड़छाड़

नौ नारायण की यात्रा में महत्‍व है प्राचीन मूर्ति की पूजन का

समाचार आज। उज्‍जैन

मोक्षदायिनी शिप्रा नदी के तट पर रामघाट के समीप स्थित एक मंदिर में लगी भगवान पुरुषोत्तम की मूर्ति के साथ रात में अज्ञात तत्वों ने छेड़छाड़ की है। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद घाट पर रहने वाले पंडितों ने आक्रोश जताया है।

शिप्रा नदी के रामघाट के समीप स्थित प्राचीन धर्मराज चित्रगुप्त के मंदिर के पास ही भगवान पुरुषोत्तम की संगमरमर की मूर्ति भी विराजित है। शनिवार रात को अज्ञात तत्वों ने मूर्ति के साथ छेड़छाड़ करते हुए किसी औजार या हथियार से भगवान की मूर्ति के हाथ क्षतिग्रस्त कर दिए। सुबह मंदिर के पुजारी राकेश जोशी मंदिर पहुंचे तो घटना की जानकारी लगी। पुजारी जोशी ने बताया कि रामघाट के समीप प्राचीन चित्रगुप्त मंदिर में बाहर की ओर छोटे मंदिर स्थित भगवान पुरुषोत्तम की मूर्ति का पूजन करने के लिए प्रतिदिन श्रद्धालु घाट पर आते हैं। नौ नारायण की यात्रा के दौरान भी इस प्राचीन मूर्ति का पूजन करने का महत्व है। शनिवार रात में अज्ञात तत्वों ने मूर्ति के साथ छेड़छाड़ कर भगवान के हाथ क्षतिग्रस्त करने की शर्मनाक घटना की है। पुजारी ने कहा कि शिप्रा नदी के किनारे रात के समय अज्ञात असामाजिक तत्व बैठकर नशाखोरी करते हैं। इस तरह के असामाजिक तत्व मंदिरों में भगवान की प्रतिमाओं के साथ छेड़छाड़ भी कर देते हैं। पुलिस प्रशासन को रात के समय यहां पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाना चाहिए। मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर संत अवधेश पुरी महाराज ने आक्रोश जताते हुए विधर्मी, असामाजिक तत्वों द्वारा की गई इस घटना की निंदा की है। संत श्री ने कहा जिला प्रशासन को इस तरह की हरकत करने वाले व्यक्ति का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए। संत श्री ने हिंदूओं से भी घटना का विरोध करने के लिए संगठित होकर आगे आने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button