उज्जैन

उज्जैन सिंहस्थ के नए मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं नए कलेक्टर रोशन सिंह ने कामकाज संभाला, रात में ही बैठक ली

उज्जैन सिंहस्थ के कामकाज जानने के पहले उज्जैन के प्रमुख मंदिरों में देवदर्शन कर आशीर्वाद लिया

उज्जैन सिंहस्थ के नए मेला अधिकारी आशीष सिंह (इंदौर कलेक्टर) ने सोमवार 14 अप्रैल 2025 को कामकाज संभाल लिया है। इसके पहले उन्होंने देवदर्शन किये। नए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने भी देवदर्शन के बाद सोमवार रात को कामकाज संभाल लिया है।

श्री आशीष सिंह सोमवार शाम उज्जैन पहुंचे। उज्जैन पहुंचकर उन्होंने सर्वप्रथम श्री चिंतामण गणेश मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वे श्री कालभैरव मंदिर, श्री हरसिद्धि मंदिर और इसके बाद श्री महाकाल मंदिर पहुंचकर पूजन किया और संध्या आरती में सम्मिलित हुए। देवदर्शन के पश्चात श्री सिंह ने सिंहस्थ मेला कार्यालय पहुंचकर मेला अधिकारी का प्रभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि इंदौर कलेक्टर श्री आशीष सिंह को शासन के नवीन आदेशानुसार सिंहस्थ मेला अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

उज्जैन सिंहस्थ के लिये जमावट शुरू, कलेक्टर रोशन कुमार को बनाया, मेला अधिकारी की जिम्मेदारी आशीष सिंह को

श्रद्धालुओं की सुविधा पहली प्राथमिकता

प्रभार ग्रहण कर श्री सिंह ने कहा कि सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे विकास कार्यों को समयावधि और गुणवत्ता पूर्वक सम्पन्न कराना पहली प्राथमिकता है। इसके पश्चात मेला अधिकारी श्री सिंह ने संभागायुक्त संजय गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद उन्होंने सिंहस्थ अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

नवागत कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बाबा महाकाल के दर्शन कर किया पदभार ग्रहण

नवागत कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने सोमवार शाम उज्जैन आकर सर्वप्रथम श्री महाकाल मंदिर पहुंचकर भगवान श्री महाकाल के दर्शन किए।इसके बाद  कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। रौशन कुमार सिंह इसके पूर्व विदिशा में कलेक्टर पद पर पदस्थ थे। पदभार ग्रहण कर नवागत कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं। जिले की आवश्यकता को देखते हुए सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे विकास कार्य, शासन की संचालित योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना,योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना प्राथमिकता होगी।

रात को ही संभागायुक्त की अध्यक्षता में सिंहस्थ विकास कार्यों की बैठक हुई

नवागत सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, नवागत कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बैठक लेकर सिंहस्थ कार्यों की जानकारी ली। संभाग आयुक्त संजय गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार रात कलेक्टर कार्यालय सभागृह में सिंहस्थ 2028 के प्रगतिरत विकास कार्यों की समीक्षा की और नवीन प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा की गई। बैठक में नवागत सिंहस्थ मेला अधिकारी  आशीष सिंह और नवागत कलेक्टर  रौशन कुमार सिंह ने आगामी सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी ली।   बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जयति सिंह, एडीएम प्रथम कौशिक, रिटायर्ड आईएएस गोपाल चंदजी ,नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक, यूडीए सीईओ संदीप सोनी आदि उपस्थित रहे।

– हरिओम राय

Related Articles

Back to top button