काम संभालने के पहले लिया आशीष, नए संभाग आयुक्त ने कहा- सिंहस्थ की तैयारी सर्वोच्च प्राथमिकता
आशीष सिंह ने हर प्रमुख मंदिरों पर जाकर माथा टेका फिर कामकाज संभाला

उज्जैन: नवागत संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने गुरुवार, 11 सितंबर 2025 को उज्जैन में अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले, उन्होंने धार्मिक नगरी के प्रमुख देवालयों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और मोक्षदायिनी माँ क्षिप्रा को नमन किया।
इस अवसर पर, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा व अन्य अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
सिंहस्थ-2028 के निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान
मीडिया से चर्चा करते हुए, संभागायुक्त आशीष सिंह ने कहा कि आगामी सिंहस्थ-2028 के लिए स्वीकृत निर्माण कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि 20 हजार करोड़ से अधिक की राशि के निर्माण कार्य चल रहे हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए मीडिया और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि संभागायुक्त के साथ-साथ सिंहस्थ मेला अधिकारी का दायित्व भी उनके लिए एक बड़ी चुनौती और अवसर है। उन्होंने बताया कि उज्जैन के अलावा, श्री ओमकारेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
देवदर्शन के बाद संभाला पदभार
पदभार ग्रहण करने से पूर्व, संभागायुक्त आशीष सिंह ने सबसे पहले श्री चिंतामण गणेश, भूखीमाता, श्री कालभैरव, श्री सिद्धवट, श्री मंगलनाथ, श्री हरसिद्धि और अंत में भगवान श्री महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान, श्री मंगलनाथ मंदिर के महंत राजेंद्र भारती ने उन्हें भगवान मंगलनाथ की तस्वीर, दुपट्टा और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। श्री महाकालेश्वर मंदिर में सहायक प्रशासन मूलचंद जूनवाल ने उन्हें प्रसाद और दुशाला भेंट किया। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त आर. के. वर्मा, एसडीएम पवन बारिया और एसडीएम कृतिका भीमावत भी मौजूद थीं। उज्जैन आगमन से पहले तपोभूमि पर भी प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।