खरगोन में एसपी को गोली मारी, फिर भडक़ी हिंसा

उपद्रवियों ने 30 मकान-दुकान फूंकी, 70 हिरासत में, सीएम बोले- दंगाइयों को छोड़ेंगे नहीं
समाचार आज
मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में सोमवार को फिर हिंसा भडक़ गई। रविवार देर रात शुरू हुई हिंसा में उपद्रवियों ने एसपी सिद्धार्थ चौधरी को गोली लगी लगी है। 10 पुलिसकर्मियों सहित करीब 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
गौरतलब है कि श्रीराम शोभायात्रा पर रविवार शाम को तालाब चौक के पास पथराव किया गया। उपद्रवियों ने 30 से ज्यादा दुकानों और मकानों में आग लगा दी। रात करीब 9 बजे मामला कुछ शांत हुआ, लेकिर देर रात 12 बजे फिर हिंसा हुई। आनंद नगर, संजय नगर मोतीपुरा में घर फूंक दिए गए। कुछ घरों में लूटपाट भी की गई। इस घटना में 10 पुलिसकर्मी और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। एसपी सिद्धार्थ चौधरी के बाएं पैर में गोली लगी है।
इस घटना के बाद शोभायात्रा स्थगित कर दी गई। कलेक्टर ने पहले पांच इलाकों में कफ्र्यू लगाया था, लेकिन देर रात जब हालात काबू नहीं हुए तो पूरे शहर में कफ्र्यू लगा दिया। शाम को हुए पथराव के बाद इंदौर के वरिष्ठ अफसरों को सूचना देकर पुलिस कर्मियों को बुलाया गया। बताया जा रहा है कि लोगों की छतों पर पत्थर जमा थे। लोगों का कहना है कि पुलिस ने जुलूस के पहले ड्रोन से सर्चिंग कराई जाती तो छत पर जमा पत्थरों को हटवाया जा सकता था।
एसपी को पैर में गोली लगी, टीआई भी घायल
घटना में एसपी के बाएं पैर में गोली लगी है। उन्हें पुलिसकर्मियों की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया। 10 से ज्यादा विशेषज्ञों ने उनके पैर का ऑपरेशन किया। तालाब चौक क्षेत्र में पथराव में टीआई बीएल मंडलोई को सिर में पत्थर लगने से चोट आई है। पुलिस बल आने के बाद हिंसा प्रभावित क्षेत्र में सांसद गजेंद्र पटेल, विधायक रवि जोशी, कमिश्नर पवन शर्मा, आईजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर अनुग्रहा पी, डीआईजी तिलक सिंह पहुंचे।
सांसद और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष फंसे
पथराव की सूचना पर शाम 7.45 बजे सांसद गजेंद्र सिंह पटेल और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम महाजन सराफा और भाटवाड़ी क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान वहां पथराव और आगजनी होने लगी। इसके बाद वो लौट गए और सीधे कोतवाली पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को कहा कि जल्दी पुलिस बल भेजो, लेकिन पुलिसकर्मियों ने जवाब दिया कि यहां फोर्स कम है। इसके बाद दूसरे जिले से पुलिस फोर्स पहुंची।
इस तरह भडक़ी हिंसा
शाम करीब 5 बजे तालाब चौक से रामनवमी की शोभायात्रा शुरू हुई। यहां पर लोग डीजे पर डांस करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी बीच गली से कुछ लोगों ने पत्थर फेंके। इससे भगदड़ मच गई। मोहन टॉकीज और गौशाला मार्ग पर भी पथराव शुरू हो गया। मोहन टॉकीज का पथराव करीब दस मिनट बाद ही थम गया, लेकिन गौशाला मार्ग पर पथराव जारी रहा। दो-तीन झांकियों पर भी पथराव हुआ। पुलिस ने हालात काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायर किए। तालाब चौक क्षेत्र में पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोल छोड़े। आगे जुलूस भी स्थगित कर दिया गया। कलेक्टर अनुग्रहा भी पहुंचीं। 6.37 बजे प्रभावित क्षेत्र में कफ्र्यू लगाने का निर्णय लिया और इसे अनांउस कराया गया। इसके बाद भी भाटवाड़ी और सराफा में पथराव हुआ। धार्मिक स्थल में आग लगा दी गई। तीन से ज्यादा दुकानें जला दी गईं। भावसार मोहल्ले में आधे घंटे से ज्यादा समय पथराव चला। टवड़ी मोहल्ला माता चौक में एक मकान से लगातार पत्थर और फर्सियां फेंकी गई। लोग आमने-सामने हो गए। इस दौरान पेट्रोल बम भी फेंके गए। कुछ मकानों के बाहर रखा सामान जल गया। इसी बीच संजयनगर-मोतीपुरा में पहले से एकत्रित लोगों की भीड़ ने नारेबाजी की। दोनों तरफ से पथराव हुआ। आरआई रेखा रावत बल के साथ पहुंचीं। स्थिति बिगड़ी तो एसपी सिद्धार्थ चौधरी पहुंचे। पथराव तेज हो गया। इसी क्षेत्र में एक युवक तलवार लहराते आया और भीड़ को मारते हुए भाग गया।
बड़वानी में भी जुलूस के दौरान पथराव
बड़वानी के सेंधवा में भी रामनवमी के जुलूस के दौरान पथराव हुआ। शहर के जोगवाड़ा रोड पर दो समुदायों में जमकर पथराव हुआ। शहर थाना प्रभारी बलदेवसिंह मुजाल्दा समेत 5 अन्य लोग घायल हो गए। बाइक और स्कूटी जला दी गई। उपद्रवियों ने कुछ धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाया। पुलिस और प्रशासन ने जल्द स्थिति पर काबू पा लिया। बाद में शहर में जुलूस निकाला गया। थाना प्रभारी ने बताया के फिलहाल इसकी जांच की जा रही है कि किस वजह से पथराव हुआ। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने कहा- किसी दंगाई को नहीं छोड़ेंगे
पुलिस ने सोमवार सुबह तक 70 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। पुलिस-प्रशासन ने हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए हैं। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना का दुर्भाग्यपूर्ण कहा है। सीएम ने कहा- किसी दंगाई को नहीं छोड़ेंगे। कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। दंगाई चिह्नित कर लिए गए हैं। जिन्होंने पत्थर चलाए, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, उनसे सार्वजनिक या निजी संपत्ति के नुकसान की वसूली भी करेंगे।
जिन घरों से पथराव हुआ है, उन्हें ही पत्थर का ढेर बनाएंगे
इस घटना पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि जिन घरों से पथराव हुआ है, उन्हें ही पत्थर का ढेर बनाएंगे। उन्होंने बताया कि अब खरगोन में शांति है। पर्याप्त पुलिस बल वहां मौजूद है। माना जा रहा है कि रामनवमी पर उपद्रव अचानक नहीं हुआ। पहले से इसकी तैयारी की गई थी। उपद्रवियों ने घरों की छतों पर पत्थर और पेट्रोल बम जमा कर रखे थे।