तांत्रिक श्मशान ओखलेश्वर पर सीएनजी से होगा अंतिम संस्कार

समाचार आज
उज्जैन शहर के सबसे प्राचीन और तंत्र क्रिया के लिए विश्व विख्यात ओखलेश्वर श्मशान घाट पर भी सीएनजी शवदाह गृह बनाने की तैयारी की गई है। नगर निगम ने इसके लिए कागजी कार्यवाही लगभग पूरी कर ली है। उम्मीद है कि अगले 4 महीनों में ओखलेश्वर श्मशान घाट पर भी सीएनजी से शवों का दाह संस्कार आरंभ कर दिया जाएगा।
ओखलेश्वर श्मशान घाट पर सीएनजी शवदाह गृह स्थापित करने में करीब 45 लाख रुपए का खर्च आएगा। यह रकम स्मार्ट सिटी कंपनी के माध्यम से ही खर्च होगी। ओखलेश्वर श्मशान घाट पर सीएनजी शवदाह गृह में दो बर्नर के लिए सिविल स्ट्रक्चर बनाया जाएगा लेकिन फिलहाल बर्नर एक ही लगेगा। भविष्य में आवश्यकता पडऩे पर इन्हें डबल किया जा सकेगा। यानि ओखलेश्वर श्मशान घाट पर एक समय में दो शवों का अंतिम संस्कार सीएनजी से हो सकेगा।
त्रिवेणी-चक्रतीर्थ पर भी है सुविधा
नगर निगम के पिछले बोर्ड के दौरान त्रिवेणी पर सिंगल बर्नर का सीएनजी शवदाह गृह स्थापित किया गया था। हाल ही में चक्रतीर्थ पर भी शवों के अंतिम संस्कार के लिए जल्द ही सीएनजी शवदाह गृह तैयार कर लिया गया है। अवंतिका गैस कंपनी और नगर निगम के सहयोग से चक्रतीर्थ के सीएनजी शवदाह गृह पर एक समय में 4 शवों का अंतिम संस्कार किया जा सकेगा। फिलहाल कुछ छुटपुट काम बाकी रह गए है। नगर निगम की कोशिश है कि अप्रैल में चक्रतीर्थ का सीएनजी शवदाह गृह आरंभ कर दिया जाए। इस काम पर 1 करोड़ 65 लाख रुपए खर्च हुए है। शवदाह गृ़ह के आसपास सिविल वर्क पर भी 20 लाख रुपए खर्च किए गए है।