तिलकेश्वर-अंगारेश्वर में दो बदमाशों के मकान तोड़े

समाचार आज। उज्जैन
चोरी और मादक पदार्थ की तस्करी के आरोपी 2 बदमाशों के अवैध मकानों को 26 मार्च की दोपहर पुलिस और निगम टीम ने तोड़ दिया। एक बदमाश के खिलाफ 20 और दूसरे पर 10 मामले दर्ज हो चुके थे। शनिवार सुबह पुलिस और निगम की टीम सबसे पहले तिलकेश्वर कालोनी में रहने वाले बदमाश फिरोज उर्फ भूरा पिता बच्चू खां के मकान पहुंची। मकान बिना अनुमति बनाया गया था। जिसे जेसीबी से तोड़ा गया। उसके बाद टीम अंगारेश्वर कालोनी पंवासा पहुंची। जहां अभिषेक उर्फ बबलू पिता बालकृष्ण चौरषिया ने अवैध मकान का निर्माण कर रखा था। दोनों बदमाशों के परिवार ने पुलिस कार्रवाई को देख मकान नहीं तोडऩे की गुहार भी लगाई, लेकिन पुलिस ने परिवार को अलग कर अपनी कार्रवाई को पूरी कराया।

जीवाजीगंज टीआई गगन बादल ने बताया कि बदमाश फिरोज करीब 30 सालों से अपराध कर रहा है। उसके खिलाफ शहर के थानों में 20 मामले दर्ज है। बदमाश चोरी की वारदातों में शामिल था। कुछ दिन पहले सायकल चोरी में उसे कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं पंवासा थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया के अनुसार अभिषेक गांजा तस्करी में शामिल है। महाकाल थाने में उसके खिलाफ 8 से 10 मामले दर्ज है। वहीं जीआरपी और खरगोन पुलिस उसे मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर चुकी है। पिछले दिनों महाकाल पुलिस ने उसके गांजे के साथ पकड़ा था। जिसे जेल भेजा है।