पं. प्रदीप मिश्रा को ‘चैंपियंस ऑफ चेंज’ पुरस्कार

राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने किया सम्मानित
समाचार आज @ उज्जैन
सीहोर वाले महाराज यानी पं. प्रदीप मिश्रा जी को चैंपियन ऑफ चेंज पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार स्वयं मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने पं. प्रदीप मिश्रा को दिया है। अपनी शिव महापुराण कथा के जरिए धर्म का प्रचार कर भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था बढ़ाने और धर्ममय माहौल के लिए आध्यात्म क्षेत्र का यह चैंपियन ऑफ चेंज पुरस्कार पं. प्रदीप मिश्रा को दिया गया है।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘चैंपियंस ऑफ चेंज मध्य प्रदेश’ पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश केजी बालाकृष्णन शामिल हुए। जहां उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित शख्सियतों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने शिव महापुराण कथाकार पं. प्रदीप मिश्रा सीहोरवाले, पंडित ओमप्रकाश मेहता, पद्मश्री मुनीश्वर डावर, पॉवर लिफ्टर प्लेयर भावना टोककर, विधायक कृष्णा गौर, हेमंत तिवारी, फिल्म अभिनेत्री सौम्य टंडन, फिल्म निर्देशक अनिल सिंह चन्देल, उमाशंकर सिंह, विनोद कुमार अग्रवाल, जयनारायण चौकसे, रिटायर्ड अधिकारी अन्वेषण मंगलम, रोहित जैन, डॉक्टर अजय राणा, मनोज साहू, अभिषेक पांडे को सम्मानित किया है।
चैंपियंस ऑफ चेंज (सीओसी) सामुदायिक सेवा, सामाजिक विकास, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता जैसे भारतीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए एक भारतीय पुरस्कार है, जिसका चयन भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और एनएचआरसी और न्यायमूर्ति के पूर्व अध्यक्ष की अध्यक्षता में संवैधानिक जूरी सदस्यों द्वारा किया जाता है।