देश-दुनिया

पढ़ाई का तनाव : कोचिंग सिटी में 12 घंटे में तीन बच्‍चों ने की खुदकुशी

समाचार आज । कोटा

बच्‍चों से जीतने जिद करने वाले माता-पिता के लिए ये समाचार चेतावनी भरा है। राजस्‍थान की कोचिंग सिटी के रूप में फेमस कोटा शहर में सोमवार को 12 घंटे में तीन स्टूडेंट ने खुदकुशी कर ली। तीनों राजस्थान के सबसे बड़े इंस्टीट्यूट एलन में पढ़ते थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि ये बच्चे पढ़ाई के दबाव की वजह से डिप्रेशन में चले गए। इन स्टूडेंट्स का कोई सुसाइड नोट नहीं आया है, लेकिन दोस्तों और हॉस्टल से मिली जानकारी के अनुसार बच्चे क्लास और टेस्ट मिस कर रहे थे।

सुसाइड करने वाले छात्र अंकुश का दोस्त प्रिंस जवाहर नगर थाना क्षेत्र इलाके के हॉस्टल में रहता है। वो सुबह साथ में खाना खाने जाते थे। प्रिंस ने बताया कि सुबह 11 बजे अंकुश को कई बार फोन किया था। उसने नहीं उठाया। दोस्त को लेकर अंकुश के हॉस्टल पहुंचा। अंदर से लॉक लगा हुआ था। खिड़की से देखा तो वो फांसी पर लटका मिला। प्रिंस ने बताया कि उसके पैर जमीन पर अड़े हुए थे, तुरंत पास के रूम में रहने वाले स्टूडेंट को बताया। फिर हॉस्टल संचालक को सूचना दी। अंकुश का दीपावली से पहले एक्सीडेंट हुआ था। वो स्कूटी से गिरा था। 15 दिन पहले ही बिहार से कोटा लौटा था। वो रोज शाम साढ़े 5 बजे अपने घर पर बात करता था। बिहार के सिमराही में उसका ननिहाल है। वहां उसकी फ्रेंड रहती है, अंकुश उससे भी अक्सर बात किया करता था।

टेस्ट नहीं दिया, पिता ने डांटा तो जान दे दी

सुसाइड करने वाला एक अन्‍य विद्यार्थी उज्ज्वल परिवार में इकलौता था। पुलिस अंकुश का शव उतार रही थी, तभी उज्ज्वल की बहन भी हॉस्टल पहुंची। भाई ने दरवाजा नहीं खोला तो हॉस्टल में मौजूद पुलिस को सूचना दी। तभी उज्जवल का भी शव मिला। उज्‍जवल कक्षा 9वीं से कोटा में रहता था। अभी 11वीं में पढ़ रहा था। अपनी इच्छा से पढ़ाई के लिए कोटा आया था। उसकी बहन पहले से यहां कोचिंग कर रही है। दोस्त ने बताया, ‘उज्ज्वल पढ़ाई में अच्छा था। हाल ही में उसने कोचिंग का एक टेस्ट मिस किया था। ये बात उसने पिता को बताई तो उसे डांट पड़ी थी।

तीसरा जान देने वाला मेडिकल स्‍टूडेंट

सुसाइड करने वाला तीसरा स्टूडेंट 17 वर्षीय प्रणव वर्मा है। प्रणव मेडिकल की तैयारी कर रहा था, दो साल से कोटा में रह रहा था। अप्रैल से कुन्हाड़ी में लैंडमार्क सिटी स्थित हॉस्टल में रहता था। रविवार शाम को खाना खाया था। फिर अपने रूम में चावल लेकर गया। रात को करीब 9 बजे उसने परिवार से फोन पर बात की। इसके बाद उसने कब जहर खाया, किसी को पता नहीं चला। रात डेढ़ बजे हॉस्टल में रहने वाला दूसरा स्टूडेंट पानी भरने बाहर आया तो प्रणव गैलरी में अचेत पड़ा था। उसे हॉस्टल संचालक सहित अन्य को बताया। उसे इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल लाए। डॉक्टर ने चेक कर उसे मृत घोषित किया। पुलिस के मुताबिक प्रणव के कमरे से चूहे मारने की दवा मिली है। फिलहाल पुलिस ने रूम को सील किया है।

Related Articles

Back to top button