भगवान महाकाल का दर्शन कर अभिभूत हुए नेपाल के प्रधानमंत्री, रुद्राक्ष और 51 हजार रुपए भेंट की अर्पित

पीएम के स्वागत में दुल्हन की तरह सजाया गया महाकाल मंदिर
समाचार आज। उज्जैन
नेपाल के प्रधानमंंत्री पुष्प कमल दहल ने शुक्रवार 2 जून को उज्जैन में भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किये। भगवान महाकाल के दर्शन कर श्री दहल अभिभूत हो गए। उन्होंने साथ लाए नेपाली रुद्राक्ष और 51 हजार रुपए भगवान श्री महाकाल के चरणों में अर्पित किये। दोपहर करीब 1.40 बजे श्री दहल इंदौर के लिए रवाना हो गये। महाकाल दर्शन-पूजन के पहले उन्होंने ई-कार्ट से महाकाल लोक का अवलोकन किया।
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल शुक्रवार को उज्जैन पंहुचे । उन्होंने गर्भ गृह से भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन किये। पीएम की अगवानी मध्यप्रदेश के राज्यपाल मांगू भाई पटेल ने की। श्री दहल के स्वागत में महाकाल मंदिर परिसर और गर्भ गृह में भव्य रूप से सजाया गया था। मंत्रोचार के साथ शासकीय पुजारी घनश्याम शर्मा ने पूजन-पाठ करवाया।
पीएम पुष्प कमल दहल बुधवार को 4 दिन की राजकीय यात्रा पर भारत आये हैं। शुक्रवार 2 जून को वे इंदौर होते हुए सड़क मार्ग से उज्जैन आये। इंदौर एयरपोर्ट पर भारतीय संस्कृति के अनुरूप उनका भव्य स्वागत सी एम् शिवराज द्वारा किया गया । उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमिश्नर संदीप यादव, आईजी संतोष सिंह, एसपी सचिन शर्मा बीते दो दिन से व्यवस्थाओं का लेकर जुटे हुए थे। पीएम के आगमन को लेकर महाकाल मंदिर व उनके यात्रा मार्ग में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
दर्शन व्यवस्था में बदलाव से श्रद्धालु परेशान
महाकाल मंदिर में शुक्रवार को नेपाल के प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया था। मंदिर समिति द्वारा इसकी जानकारी भी सार्वजनिक की गई लेकिन सूचना के अभाव में कई श्रद्धालु बदलाव के कारण परेशान हुए। मंदिर में सुबह से गर्भगृह और शीघ्र दर्शन व्यवस्था भी बंद रखी थी। महाकाल लोक में दोपहर 1:30 बजे तक आम लोगों का प्रवेश बंद रखा गया। महाकाल मंदिर में सामान्य दर्शन व्यवस्था चालू रखी गई थी लेकिन प्रवेश व्यवस्था में बदलाव के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश को लेकर परेशान हुए। बदली दर्शन व्यवस्था के अनुसार शुक्रवार सामान्य दर्शन व्यवस्था चालू रखी गई थी। परंतु प्रवेश और निर्गम व्यवस्था को बदला गया था। सामान्य दर्शन के लिए दर्शनार्थी को हरसिद्धि चौराहे से बड़ा गणेश मंदिर के सामने से होकर 4 नंबर गेट से प्रवेश करा विश्राम धाम व सभा मंडप में होते हुए गणपति मंडपम् में बेरिकेट से दर्शन हेतु पहुंचाया गया। दर्शन उपरांत इसी रास्ते से वापस होकर दर्शनार्थियों को 5 नंबर गेट से बाहर निकाला जा रहा है। सुबह से दोपहर तक गर्भगृह दर्शन, शीघ्र दर्शन को बंद किया गया था।