उज्जैनअध्यात्म

महाकाल महालोक में भी पीओपी छत गिरी, चार दिन मेें दूसरा हादसा

महाकाल मंदिर क्षेत्र के घटिया निर्माण कार्यों के दुष्परिणाम सामने आने लगे, जगह-जगह टपक रहा है पानी

उज्जैन के श्री महाकाल मंदिर Mahakal temple में चार दिन के भीतर ही 27 जून 2025 को पीओपी छत गिरने की दूसरी घटना सामने आई है। अब महाकाल महालोक के शापिंग कांप्लेक्स में यह घटना हुई है। इस घटना के चार दिन पहले 22 जून 2025 को महाकाल मंदिर के अंदर टनल की पीओपी छत गिरी थी।

महाकाल महालोक के शापिंग कांप्लेक्स के बरामदे में पीओपी की छत गिरने की घटना गुरुवार 26 जून 2025 की देर रात को हुई है। शुक्रवार 27 जून की सुबह जब मंदिर से जुड़े सुरक्षाकर्मी, कर्मचारी वहां पहुंचे तो घटना की जानकारी लगी। शापिंग कांप्लेक्स के बरामदे में अकसर दिन के वक्त काफी संख्या में दर्शनार्थी धूप-बारिश से बचने के लिये बैठे रहते हैं। शुक्र है घटना देर रात में हुई, उस वक्त वहां कोई नहीं था। अगर यही हादसा दिन में होता तो मामला गंभीर हो सकता था।

महालोक शापिंग कांप्लेक्स में भी कई जगह टपक रहा है पानी

महाकाल महालोक का शापिंग कांप्लेक्स जगह-जगह से टपक रहा है। बारिश होते ही अंदर भी पानी टपकने लगता है। इसी कारण पीओपी भी गिरी है। गौरतलब है कि महाकाल महालोक का कांप्लेक्स शहर का सबसे महंगा कांप्लेक्स है। महंगा होने के कारण अधिकतर दुकानें अभी शुरू भी नहीं हो पाई है। इतने महंगे कांप्लेक्स के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता अब सामने आने लगी है।

महाकाल मंदिर में नवनिर्मित टनल को वियतनामी मार्बल से सजाया जा रहा, पीओपी छत यहां भी गिर चुकी है

महाकाल मंदिर परिसर में नंदी हॉल के पास से बन रही टनल की दीवारों पर वियतनाम मार्बल की स्टोन क्लैडिंग की जा रही है, जिससे इसका लुक सुंदर और भव्य दिखाई देगा। यह टनल नंदी हाल से शुरू होकर गणेश मंदिर के पास स्थित सुलभ शौचालय की ओर निकलेगी। महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद से प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर के अंदरूनी हिस्से का विस्तारीकरण दूसरे चरण में किया जा रहा है। नंदी हॉल के पीछे से गुजरने वाली यह टनल श्रद्धालुओं को गणेश मंडपम से दर्शन के बाद बाहर निकलने का एक सुविधाजनक और सुंदर रास्ता है। इस सुरंग और क्लैडिंग कार्य पर कुल 18.21 करोड़ रुपए की लागत आ रही है। गौरतलब है कि इसी नवनिर्मित टनल में 22 जून 2025 को पानी टपकने के कारण पीओपी छत गिरने की घटना हुई थी।

-हरिओम राय
महाकाल मंदिर की नवनिर्मित टनल में पीओपी छत गिरी, नीचे से गुजर रहे थे दर्शनार्थी

Related Articles

Back to top button