मध्यप्रदेश

मामा का बुलडोजर बदमाश मनीष भाटी के घर पर चला

सिंहस्थ क्षेत्र के ग्यारसी नगर में बनाया था मकान, अभी जिलाबदर है बदमाश

समाचार आज। उज्जैन

उज्जैन में गुंडे और बदमाशों के अवैध निर्माण तोडऩे की मुहिम लगातार जारी है। गुरुवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने भैरवगढ़ रोड स्थित ग्यारसी नगर में भी एक लिस्टेड गुंडे का मकान जमींदोज कर दिया, यह अपराधी फिलहाल जिला बदर है।

उत्तरप्रदेश में बुलडोजर बाबा यानि योगी आदित्यनाथ की बुलडोजर वाली छबि की तर्ज पर ही मध्यप्रदेश में भी अब बुलडोजर मामा यानि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रूख गुंडे-बदमाशों, अपराधियों के खिलाफ सख्त है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद से ही विभिन्न तरह के अपराधों में लिप्त लोगों के अवैध मकान ढहाने का सिलसिला उज्जैन में भी जारी है। गुरुवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने भैरवगढ़ रोड़ स्थित ग्यारसी नगर पहुंचकर अपराधी मनीष पिता मुरलीधर भाटी के अवैध मकान पर घन बरसा दिए।

मनीष भाटी के खिलाफ जीवाजीगंज थाने में 18 अपराध दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास के दो अपराधों सहित हफ्ता वसूली, मारपीट, सट्टा-जुआं के अपराध है। मनीष को पूर्व में जिलाबदर किया गया था, जिलाबदर का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ रासुका की कार्यवाही भी हो चुकी है। वर्तमान में भी मनीष भाटी जिलाबदर है। ग्यारसी नगर सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि पर बना है लिहाजा यहां किसी भी मकान की परमिशन नहीं है, यहां के अधिकांश रहवासियों को पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके है।

यही वजह रही कि मनीष भाटी का मकान तोडऩे में भी नगर निगम की टीम को जरा भी परेशानी नहीं आई। गुरुवार की दोपहर दो बुलडोजर के साथ पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की टीम इस कॉलोनी में पहुंची तो पूरी कॉलोनी में हड़कंप की स्थिति बन गई। लोगों को लगा कि सिंहस्थ क्षेत्र को खाली कराने वाली मुहिम फिर से शुरू हो गई है। नगर निगम की टीम ने ताबड़तोड़ मनीष के घर का सामान बाहर निकालकर सड़क पर रखा और मकान पर घन बरसाने शुरू कर दिए। उज्जैन पुलिस की लिस्ट में अब भी ऐसे 40 से ज्यादा बदमाशों के नाम है जिनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई होना है।

Related Articles

Back to top button