लाल सिंह से आमिर को 100 करोड़ का फटका

‘रक्षा बंधन’ भी बजट से आधी कमाई करने में भी फेल
समाचार आज । नईदिल्ली
आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा और अक्षय कुमार की रक्षा बंधन 11 अगस्त को रिलीज हुईं। सोशल मीडिया पर बहिष्कार का कैंपेन झेल रही इन फिल्मों को इस बार दर्शकों ने खासा फटका दिया है। आमिर खान की लालसिंह चड्ढा को 100 करोड़ तो अक्षय की रक्षाबंधन को करीब 10 करोड़ का नुकसान दर्शकों ने दिया है।
ट्रेड एक्सपर्ट का मानना था कि लॉन्ग वीकेंड में रिलीज होने से दोनों ही फिल्मों को फायदा मिलेगा। दोनों फिल्मों को छुट्टी के दिन रक्षा बंधन पर रिलीज किया गया था, इसके अगले दिन शनिवार, रविवार की छुट्टी थी, जिसके बाद स्वतंत्रता दिवस भी आया। बैक-टू-बैक 4 छुट्टी होने से दोनों फिल्मों से अच्छे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की उम्मीदें थीं, लेकिन नतीजा निराशाजनक निकला है। दोनों ही फिल्में अब तक की कमाई से घाटे में जाती नजर आ रही हैं।
मात्र 70 करोड़ कलेक्ट कर सकेगी लालसिंह
अब तक की कमाई देखते हुए लगता है कि लाल सिंह चड्ढा महज 70 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकेगी, वहीं रक्षा बंधन के महज 60 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। सूत्रों की मानें तो आमिर खान की फिल्म को करीब 100 करोड़ का नुकसान होगा। रक्षा बंधन पहले ही बजट से आधी कमाई करने में सफल होती नजर आ रही है। आने वाले दिनों में रक्षा बंधन करीब 20 करोड़ का कलेक्शन कर लेती, ऐसे में इसे सिर्फ 10 करोड़ का नुकसान होगा। कमाई में भले ही रक्षा बंधन, लाल सिंह चड्ढा से पीछे है, लेकिन बजट के अनुसार अक्षय कुमार की फिल्म आमिर की फिल्म से आगे है।
बायकॉट होने से कमाई पर पड़ा असर?
ट्रेड एक्सपर्ट की मानें तो लाल सिंह चड्ढा के फ्लॉप होने का कारण इसकी कहानी है। ये फॉरेस्ट गंप की रीमेक है जिसे पहले ही ज्यादातर लोग देख चुके हैं। ऐसे में देखी हुई फिल्म को बदले हुए कलाकारों के साथ देखने लोग नहीं पहुंचे। इसके फ्लॉप होने का दूसरा कारण फिल्म का विरोध किया जाना भी है। पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर बड़े स्तर पर #BoycottLaalSinghChaddha ट्रेंड हो रहा है। हजारों लोग इस ट्रेंड से जुड़े जिससे सीधा असर फिल्म पर पड़ा। ट्रेड एक्सपर्ट मानते हैं कि किसी भी फिल्म पर बायकॉट का असर तब पड़ता है जब उसकी कहानी कमजोर हो। लाल सिंह चड्ढा का कंटेंट ठीक है, लेकिन वो लोगों को अपील नहीं कर पा रही है। ऐसे में बायकॉट ट्रेंड उसे और नुकसान पहुंचा रहा है। अगर फिल्में दमदार होतीं तो बायकॉट का असर नहीं पड़ता।
क्यों हो रहा है दोनों फिल्मों का विरोध
लाल सिंह चड्ढा- आमिर खान ने साल 2015 में असहिष्णुता के मुद्दे पर बयान देते हुए भारत छोड़ने की बात कही थी। वहीं उनके द्वारा फिल्म पीके में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने का मामला भी सामने आया है। इस कारण ही लाल सिंह चड्ढा को बायकॉट किया जा रहा है।
रक्षा बंधन- फिल्म की राइटर कनिका ढिल्लन ने सालों पहले गाय पर विवादित टिप्पणी दी थी। गौ रक्षा के नाम पर हो रहे देश के दंगों का कारण उन्होंने भाजपा सरकार को बताया था। विवादित बयान देने पर उनकी लिखी फिल्म रक्षा बंधन का विरोध हो रहा है।
भारी नुकसान के बाद डिस्ट्रीब्यूटर्स ने मांगा मुआवजा
लाल सिंह चड्ढा फ्लॉप होने से डिस्ट्रीब्यूटर्स को काफी नुकसान हुआ है और उन्होंने मेकर्स से मुआवजे की मांग की है। आमिर खान इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं जिन्होंने फिल्म के फ्लॉप होने की जिम्मेदारी ली है। खबरों की मानें तो आमिर खान ने फिल्म पर कड़ी मेहनत की थी और उन्हें इससे काफी उम्मीदें थीं। फिल्म के फ्लॉप होने से आमिर खान सदमे में हैं।