मध्यप्रदेश

महाकाल दर्शन के लिये निकली लुटेरी दुल्हन ने ट्रेन में दिया पति को झांसा

उज्जैन के पास लुटेरी दुल्हन ने पति को बेहोश कर हुई थी फरार, पूरी गैंग की पुलिस को तलाश

महाकाल दर्शन के नाम पर फरार हुई इंदौर की लुटेरी दुल्हन और उसके चार साथियों के खिलाफ इंदौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह युवती शादी के 15 दिन बाद 9 अगस्त 2024 को अहमदाबाद निवासी पति के साथ महाकाल दर्शन के लिये निकली और उज्जैन पहुंचने के पहले पति को बेहोश कर फरार हो गई। पति की रिपोर्ट पर इंदौर पुलिस ने कार्रवाई की है। दुल्हन अपने साथ 2 लाख रुपए के जेवर भी ले गई। शादी से पहले दुल्हन के परिचित ने 10 लाख रुपए भी लिए थे। व्यापारी ने इसकी शिकायत शादी कराने वालों से की तो जवाब मिला, तुम पत्नी को नहीं संभाल पाए, इसमें हमारी क्या गलती। लुटेरी दुल्हन से ठगाया पति चार महीने तक इंदौर पुलिस के चक्कर लगाता रहा। अंतत: १३ नवंबर 2024 को इंदौर की एरोड्रम पुलिस ने लुटेरी दुल्हन, उसकी मां, शादी कराने वाले ब्रोकर दंपती और एक ड्राइवर पर केस दर्ज किया है।

भस्म आरती में लिस्ट बंद पहनकर मिलेगा प्रवेश 

कार ड्राइवर ने मिलाया था लुटेरी दुल्हन से

इंदौर की एरोड्रम पुलिस के मुताबिक अहमदाबाद निवासी अजय (40) का कारोबार के सिलसिले में इंदौर आता था। यहां वह राजेश डागर निवासी व्यास नगर, चंदन नगर की ही कार बुक करता था। इसके चलते दोनों में दोस्ती हो गई। पुलिस को अजय ने बताया कि राजेश को यह बात पता चली कि मैं शादी करना चाहता हूं। बाद में उसने इस बात का फायदा उठाकर शादी कराने वाले महेंद्र गिरी और उसकी पत्नी काजल से पहचान कराई। यह दोनों शादी कराने का काम करते थे। महेंद्र-काजल ने बताया कि उनके पास एक लडक़ी है जो शादी करना चाहती है। इन्होंने शादी में 10 लाख रुपए का खर्च बताया। अजय द्वारा हां करने पर महेंद्र-काजल ने अहाना गिरी (24) नामक युवती से मिलवाया। दोनों के एक-दूसरे को पसंद करने के बाद माता-पिता से मिलाने की बात कही। अजय अपने माता-पिता को लेकर जुलाई 2024 में अहाना के घर पहुंचा। दोनों के माता-पिता के हां कहने के बाद अजय के पिता ने 3 लाख रुपए ड्राइवर राजेश डागर के अकाउंट में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद शादी की तारीख 21 जुलाई तय की गई। इसी दिन शादी होने के पहले अजय के पिता ने ब्रोकर महेंद्र-काजल को 7 लाख रुपए दिए।

हनीमून पर गये तो लुटेरी दुल्हन ने महाकाल दर्शन का बहाना बनाया

रीति-रिवाज से शादी होने के बाद कोर्ट में नोटरी भी कराई। अगले दिन 22 जुलाई को अजय और उसका परिवार अहाना को लेकर अहमदाबाद चला गया। वहां पहुंचते ही अजय के पिता ने घर में रखी ज्वेलरी अहाना को पहनने के लिए दी। इसकी कीमत 2 लाख रुपए बताई जा रही है। अगले दिन यानी 24 जुलाई को दोनों हनीमून मनाने उदयपुर के लिए निकल गए। अजय ने कहा कि अहाना ने सुहागरात मनाने से इनकार कर दिया। कहा कि उसकी मन्नत है, जब तक वह महाकाल के दर्शन नहीं कर लेती, सुहागरात नहीं मनाएगी। इसके बाद दोनों उदयपुर में दो दिन तक घूमते रहे।

 यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028 : चेहरा देखकर कैमरा पहचान लेगा अपराधी को

लुटेरी दुल्हन ने चार दिन बाद ही तलाक की धमकी दी

26 जुलाई को अहाना ने अजय से कहा कि मुझे तुमसे तलाक चाहिए। अजय ने बताया यह सुनकर मैं परेशान हो गया और अहाना को लेकर अहमदाबाद आया। यहां मेरे पिता ने उसे समझाने की कोशिश की। फिर ब्रोकर महेंद्र-काजल और उसकी मां रुपा से बात कराई। इसके बाद वह मान गई।

जन्मदिन पर महाकाल दर्शन के लिये उज्जैन रवाना हुए

9 अगस्त को अपने जन्मदिन पर महाकाल दर्शन के लिए अजय के साथ उज्जैन आने वाली ट्रेन में बैठ गई। अजय ने कहा कि रात 2 बजे तक हम बात कर रहे थे, तब अहाना ने मुझे कुछ सूंघा दिया, जिससे मैं बेहोश हो गया। दो घंटे बाद जब मुझे होश आया तो अहाना ट्रेन में नहीं थी। मैंने टॉयलेट में जाकर देखा और ट्रेन में कई जगह जाकर उसे ढूंढा पर वह नहीं मिली। मैंने मोबाइल उठाया तो उसमें अहाना ने मैसेज किया कि मुझे पता है आप मुझे बहुत प्यार करते हो, आप मुझे ढूंढना मत। यह मैसेज देखने के बाद अजय ने अहाना की मां रुपा से बात की तो उन्होंने बेटी के बारे में कोई भी जानकारी होने से इनकार कर दिया। फिर अजय ने ड्राइवर राजेश, ब्रोकर महेंद्र-काजल को फोन लगाया। तब तीनों ने कहा कि तुम अपनी पत्नी को नहीं संभाल पाए, हमसे क्या पूछते हो। इसके बाद उन्होंने किसी सुनील गिरी के साथ मिलकर मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दी।

इंदौर पुलिस को अब लुटेरी दुल्हन और गैंग की तलाश

अजय ने इंदौर आकर एरोड्रम थाने में दुल्हन अहाना गिरी (24), उसकी कथित मां रुपा गिरी, सुनील पुरी उर्फ मुन्ना पुरी, निवासी हरिओम नगर, धार, ब्रोकर महेन्द्र गिरी उसकी पत्नी काजल गिरी निवासी कुंदन नगर और ड्राइवर राजेश डागर निवासी व्यास नगर, चंदन नगर, ब्रोकर के रिश्तेदार पर 318(4), 3(5) बी.एन.एस की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी चैक किए जाएंगे। यह भी देखा जाएगा शादी के नाम पर ये लोग पहले भी किसी को ठग चुके हैं क्या।

हरिओम राय @ उज्जैन

Related Articles

Back to top button