वीकएंड पर महाकाल में उमड़ी भीड़

समाचार आज । उज्जैन
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार को भीड़ का सैलाब उमड़ पड़ा। तीसरा शनिवार होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन को पहुंचे। दोपहर बाद भीड़ उमडऩे के कारण मंदिर परिसर को बंद करा दिया गया था।
श्रावण मास में शनिवार, रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस बार तीसरा शनिवार पर अवकाश होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन को आए। सुबह से लेकर दोपहर 12 बजे तक तो स्थिति सामान्य रही। इसके बाद अचानक श्रद्धालुओं को सैलाब उमडऩे लगा। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन लगा हुआ था। लेकिन दोपहर बाद भीड़ उमडऩे के चलते मंदिर परिसर को बंद कर दिया गया। ज्ञात रहे कि श्रावण मास में मंगलवार से शुक्रवार तक श्रद्धालुओं की भीड़ सीमित संख्या में उमड़ रही है।
वीआईपी प्रोटोकाल की टिकट सुबह से ही बंद
शनिवार को इतनी अधिक भीड़ उमड़ी कि वीआईपी प्रोटोकाल प्राप्त श्रद्धालुओं को प्रदाय की जाने वाली 100 रु. की दर्शन टिकट को बंद कर दिया गया। ऐसा निर्णय सुबह से ही ले लिया गया था। ज्ञात रहे कि तय कोटे से अधिक दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को मंगलवार से शुक्रवार तक 100 रु. के टिकट की व्यवस्था की गई है। यदि इस टिकट का शुल्क शनिवार, रविवार और सोमवार को बढ़ाकर 250 रु. कर दिया जाए और उनको वीवीआईपी मार्ग से दर्शन की व्यवस्था की जाए तो एक तो मंदिर की आय में वृद्धि होगी तो दूसरी ओर वीआईपी की ओर से अधिकारियों-कर्मचारियों पर आने वाला दबाव भी कम होगा।