सीहोर की कैमिकल फैक्ट्री में आग, मशहूर धाविका बुशरा खान के पिता सहित दो की मौत

सरकार देगी 4-4 लाख का मुआवजा, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी पहुंचे मौके पर
समाचार आज। सीहोर
सीहोर जिले में स्थित पचामा इंडस्ट्रीज क्षेत्र में सोमवार सुबह आयशा केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लग गई, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई और कई मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद राज्यसभा सांसद दिग्विजयसिंह भी मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए के राहत राशि देने की घोषणा की है। मृतकों में एक ग्वालियर के गफ्फार खान मशहूर धाविका बुशरा खान केपिता हैं।
सीहोर जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जिले के इंडस्ट्रियल एरिया पचामा में स्थित आयशा केमिकल फैक्ट्री में सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे अचानक विस्फोट हुआ और आग लग गई। आग लगने की घटना में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हुए हैं। मृतकों के नाम रेखा ठाकुर निवासी पचामा और गफ्फार खान निवासी ग्वालियर है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन की बचाव टीम मौके पर पहुंची और शव व घायलों को बाहर निकाला। अचानक हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतकों में एक गफ्फार खां मशहूर नेशनल धाविका बुशरा खान के पिता हैं। घटना को काबू करने में प्रशासन को काफी मुश्किलें हुई। करीब दो घंटे तक दमकलें पानी फेंकती रही, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह मौके भी और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने पीडि़त श्रमिकों के परिजनों से भी मुलाकात की। मीडिया से चर्चा में गोविंद सिंह ने कहा कि सरकार की लापरवाही है। गरीब मजदूर के साथ अन्याय हुआ है। मैं मुख्यमंत्री से बात करूंगा कि ज्यादा से ज्यादा आर्थिक मदद दिलवाने का प्रयास करूंगा। हम आपको बता दें कि इस फैक्ट्री में खाने का पौष्टिक आयटम केमिकल के जरिए तैयार किया जाता था। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 4-4 लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की है।