हंसाने के लिए दुनिया में आया राजू, रुलाकर चला गया

42 दिन इलाज के बाद राजू श्रीवास्तव का दिल्ली AIIMS में निधन
समाचार आज
दुनिया में हंसाने का सपना संजोकर आने वाला गजोधर उर्फ राजू श्रीवास्तव raju shrivastav आज सभी को रुलाकर विदा हो गया। राजू श्रीवास्तव ने बुधवार सुबह 10 बजे के करीब दिल्ली एम्स में दम तोड़ दिया। राजू श्रीवास्तव की उम्र 58 साल थी। दिल्ली में ही 10 अगस्त को एक्सरसाइज करते वक्त उन्हें हार्ट अटैक आया था। उसके बाद से ही एम्स में भर्ती थे। इलाज में पता चला था कि दिल के एक हिस्से में 100% ब्लॉकेज है।
राजू श्रीवास्तव कानपुर के रहने वाले थे। लेकिन, उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में ही 22 सितंबर, यानी गुरुवार को सुबह 9:30 बजे किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़ी हस्तियों ने राजू के निधन पर शोक जताया है। मोदी बोले- राजू ने हास्य के साथ हमारी जिंदगी को रोशन किया।
40 साल पहले अमिताभ बनने आये थे मुंबई
राजू श्रीवास्तव का सपना हीरो बनने का था और उसका पीछा करते राजू 1982 में मुंबई आ गए। लेकिन जिंदगी तो जिंदगी है। पहला काम ऑटो ड्राइवर का मिला। लेकिन अपना काम वहां भी जारी रखा। अपने चुटकुलों से सवारियों को हंसाते और मंजिल तक पहुंचाते। ऐसे ही एक दिन एक सवारी ने पहला स्टेज परफॉर्मेंस दिला दिया। पैसे मिले 50 रुपए। फिर तो ऐसा आए दिन होने लगा। राजू ज्यादातर समय अमिताभ amitabh bachchan की नकल करते और उन्हीं की तरह दिखने की कोशिश भी होती। यही पहचान बनती गई। फिल्म में मौका मिला 1988 में तेजाब से। हीरो अनिल कपूर थे। जॉनी लीवर के साथ राजू भी दिखे।
दूरदर्शन पर भी दिखाई प्रतिभा
दूरदर्शन Durdarshan पर 1994 के शो टी टाइम मनोरंजन में मौका मिला। इसके बाद ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज राजू ने तीसरा स्थान हासिल किया। यहां से पहचान बढ़नी शुरू हुई। फिर कॉमेडी का महा मुकाबला, कॉमेडी सर्कस, देख भाई देख, लाफ इंडिया लाफ, कॉमेडी नाइट विद कपिल, द कपिल शर्मा शो और गैंग्स ऑफ हंसीपुर जैसे शो करते चले गए।