9 को सीहोर और 11 मार्च को आष्टा में मनेगी महादेव की होली

एक लोटा केसरिया रंग भोलेनाथ को करें समर्पित, और खेलें महादेव की होली
हरिओम राय
समाचार आज, उज्जैन
प्रसिद्ध शिव कथा वाचक पं: प्रदीप मिश्रा सीहोर वालों ने होली पर संदेश दिया है कि होली का एक अपना ही आनंद है। पूरे देश के साथ शहर में भी महोदव की होली आस्था और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। गुरुदेव के संदेश के अनुसार प्रत्येक शिव मंदिर में मातृ शक्ति के अलावा सभी श्रद्धालु भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चना करेंगे। इसके साथ केसरिया रंग एक लोटे में भर कर भगवान को समर्पण करेंगे और उसके बाद पूरे उत्साह के साथ होली का पर्व मनाया जाएगा। पंडित मिश्रा ने कहा कि सब लोग खुशी के साथ होली का त्योहार मनाएं।
महादेव की होली की तैयारी पूरे देश में जारी
उन्होंने कहा कि दूसरी बार जिले भर के साथ देश भर में महादेव की होली खेलने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के महादेव मंदिरों में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसके अलावा छावनी होली उत्सव समिति सहित अन्य होली समितियां भी अपनी ओर से तैयारियां कर रही हैं। पंडित मिश्रा ने सभी देशवासियों को अपने-अपने यहां के शिव मंदिरों में भगवान शिव को एक लोटा चंदन युक्त जल समर्पित करने को कहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सीहोर जिले में पांच दिवसीय होली का पर्व मनाया जा रहा है।
गुरुवार को सीहोर और 11 मार्च को आष्टा में मनेगी महादेव की होली
विठ्ठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा होली के दूसरे दिन गुरुवार सुबह 10 बजे शहर के छावनी स्थित नगरपालिका के पास चमत्कालेश्वर महादेव पहुंचेगे। इसके बाद शहर के गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, बड़ा बाजार स्थित पिपेलश्वर महादेव मंदिर, मेन रोड स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के बाद शहर के प्राचीन मनकामेश्वर महादेव मंदिर तहसील चौराहे पहुंचेंगे। इसके अलावा शनिवार 11 मार्च को आष्टा में भी महादेव मंदिर में होली उत्साह मनाए जाने की बात कही है।