हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश: दुल्हन बनकर लूटने वाली सुंदिरयों सहित 6 गिरफ्तार

उज्जैन: सोशल मीडिया पर दोस्ती के जाल में फंसाकर अपहरण और फिरौती मांगने वाले हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस गिरोह में शामिल युवतियों और उनके साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। ये वही महिलाएं हैं जो पहले दुल्हन बनकर ससुराल वालों को लूटने की वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं।
ठगी के नए मामले आए सामने
उज्जैन के अलावा शाजापुर और दमोह में भी हनी ट्रैप गिरोह इन आरोपियों ने शादी के नाम पर लोगों को लूटा है। हाल ही में शाजापुर में इनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। शाजापुर पुलिस अब प्रोडक्शन वारंट पर इन्हें उज्जैन की भैरवगढ़ जेल से अपनी हिरासत में ले सकती है।
टीआई गजेंद्र पचौरी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे एक हनी ट्रैप गिरोह के रूप में काम करते हैं। वे पहले भी शादी के बहाने लोगों को लूट चुके हैं।
कैसे हुआ हनी ट्रैप?
यह मामला तब सामने आया जब 12 सितंबर को जबलपुर की कृतिका जैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर तुलाहेड़ा के एक प्रॉपर्टी कारोबारी राहुल को हनी ट्रैप में फंसाया। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद कृतिका उज्जैन आई और गरोठ रोड पर राहुल को बुलाया। वहां दो अन्य महिलाओं और छह लोगों ने मिलकर राहुल का अपहरण कर लिया। उन्होंने चाकू दिखाकर धमकाया और बड़ी रकम की फिरौती मांगी। धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वे बलात्कार का झूठा केस दर्ज करवा देंगी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हनी ट्रैप गिरोह की पुष्पा (55, जबलपुर), कृतिका जैन (18, जबलपुर), भारती लोधी (18, जबलपुर), अनुजा जैन (28, जबलपुर), संजय सोंटी (25, माकड़ौन) और भगवान सिंह (32, माकड़ौन) को गिरफ्तार कर लिया।
हनी ट्रैप गिरोह- दुल्हन बनकर की धोखाधड़ी
- उंडासा में शादी कर लूटा: गिरफ्तार हुई भारती लोधी ने करीब एक साल पहले उंडासा के महिपाल से शादी की थी। यह शादी भी आरोपी पुष्पा जैन ने दो लाख रुपए में तय कराई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद भारती आधी रात को महिपाल के घर से गहने और नकदी लेकर फरार हो गई थी।
- शाजापुर में फरार हुई अनुजा: शाजापुर के लाहौरी गांव के विपिन विश्वकर्मा से अनुजा की शादी जनवरी 2025 में हुई थी। डेढ़ लाख रुपए में तय हुए इस रिश्ते में अनुजा शादी की पहली ही रात जेवर लेकर भाग गई थी। जब विपिन को इन आरोपियों के पकड़े जाने की खबर मिली तो उन्होंने शाजापुर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
- दमोह में साढ़े चार लाख रुपए की ठगी: दमोह में भी कृतिका जैन की शादी पुष्पा जैन ने करवाई थी। यहां से भी कृतिका पहली रात ही गायब हो गई थी। इस गिरोह ने दमोह से गहने और नगदी मिलाकर लगभग चार लाख पचास हजार रुपए की ठगी की थी।
उज्जैन पुलिस अब अन्य थानों से संपर्क कर इन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।