दिल्ली-मुबंई एक्सप्रेस वे पर नहीं थम रही पत्थरबाजी
दिल्ली-मुबंई एक्सप्रेस वे पर कार पर फेंके पत्थर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर Delhi-Mumbai Expressway पत्थरबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। रतलाम क्षेत्र से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई 8 लाइन एक्सप्रेस वे पर रविवार 6 अप्रैल 2025 की रात झाबुआ जिले के थांदला टोल गेट से 6 किमी दूर रतलाम क्षेत्र में एक कार पर पत्थरबाजी हुई। वह तो अच्छा रहा कि कार ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को मौके पर नहीं रोका और को सीधे रतलाम जिले के धामनोद टोल नाके पर ही खड़ी की। यहां से धामनोद पुलिस चौकी को पत्थर बाजी की सूचना दी गई। पथराव में कार के कांच टूट गये हैं। यह पहली घटना नहीं है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर आये दिन ऐसी घटनाएं होना आम बात है। पुलिस सुरक्षा पुख्ता नहीं होने के कारण इस हाइवे पर रात में गुजरना अब खतरनाक हो गया है।
यह घटना सैलाना के शेखजी मोहल्ला निवासी अकील खान पिता नूरमोहम्मद खान पठान के साथ हुई है। अकील अपनी पत्नी अमरीन को मायके छोड़ने थांदला गए थे। वापस लौटते वक्त रविवार रात 8 बजे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे के थांदला टोल गेट क्रॉस कर रतलाम के क्षेत्र में पहुंचे। अचानक से कार पर पथराव हुआ। कार पर दो पत्थर लगे। आगे का कांच दोनों साइड से फूट गया। कांच के टुकड़े कार में बिखर गए। अचानक हुए इस पथराव से कार में सवार यात्री घबरा गये। लेकिन कार ड्रायवर सद्दाम शाह हिम्मत दिखाई और घटनास्थल पर कार को नहीं रोकते हुए कार तेज गति से दौड़ा दी। पत्थरबाजी वाली जगह से ड्राइवर कार को स्पीड से लेकर निकला। सीधे धामनोद टोल नाके पर ही आकर रुका। यहां टोलकर्मियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कार में सवार अकील खान ने देर रात धामनोद पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी।
अगर रुकते तो जा सकती थी जान
इस मामले में फरियादी अकील खान ने पुलिस को बताया पथराव के बाद यदि ड्राइवर का बैलेंस बिगड़ता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। पत्थर इतनी स्पीड से आए थे कि मुझे या ड्राइवर दोनों में से किसी को भी सिर में लगता तो जान जा सकती थी। अगर वहां रुकते तो जान भी जा सकती थी। धामनोद पुलिस का कहना है क आवेदन ले लिया है, प्रथमदृष्टया घटनास्थल थांदला थाना क्षेत्र का लग रहा है। संबंधित थाना क्षेत्र को इस बारे में सूचना दी है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी जानकारी दी है। हम भी पत्थरबाजों की तलाश कर रहे है।
रतलाम जिले के 15 किमी क्षेत्र में होती हैं पथराव और लूट की वारदातें
दिल्ली-मुबंई एक्सप्रेस वे पर कई बार वाहनों पर पथराव व लूट की वारदातें हो चुकी है। यात्रियों के सुरक्षा देने के लिए एनएचएआई के दल गश्त करते हैं। वहीं पुलिस भी गश्त करती हैं। गश्ती दल के आने के पहले या गश्त कर जाने के बाद बदमाश वाहनों पर पथराव कर वारदातें करते हैं। रतलाम जिले का करीब 90 किलोमीटर का एरिया आता है। मंदसौर व रतलाम एरिया का काम लगभग पूरा होने के साथ ही करीब डेढ़ वर्ष पहले इस पर आवागमन भी शुरू कर दिया गया है। जिले में रावटी व शिवगढ़ थाना क्षेत्र के करीब 15 किलोमीटर के एरिया में बदमाश पथराव व लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं।
बौद्ध सर्किट विकसित होगा मध्यप्रदेश में, उज्जैन-सांची होंगे शामिल