मध्यप्रदेश के गुना निवासी देश के पूर्व सीजेआई आरसी लाहोटी नहीं रहे

समाचार आज
देश के पूर्व सीजेआई (चीफ जस्टिज ऑफ इंडिया) रमेश चंद्र लाहोटी का बुधवार को निधन हो गया। मध्यप्रदेश के गुना के रहने वाले जस्टिस आरसी लाहोटी ने नोएडा के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 82 वर्ष के थे। रिटायरमेंट के बाद से ही वह नोएडा में रह रहे थे। 4-5 दिन पहले तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
श्री लाहोटी ने कॅरियर की शुरुआत गुना में वकालत के रूप में की थी। इसके बाद हाई कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। उन्हें 3 मई 1988 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 4 अगस्त 1989 को स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। उन्हें 7 फरवरी 1994 को दिल्ली हाईकोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया। दिसंबर 1998 में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। 1 जून 2004 को उन्हें भारत का मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) नियुक्त किया गया। वे 31 अक्टूबर 2005 तक इस पद पर रहे। लाहोटी 1960 में गुना जिले के बार काउंसिल में शामिल हुए थे। 1962 में वकील के रूप में नामांकित हुए थे। अप्रैल 1977 में उन्हें राज्य उच्च न्यायिक सेवा में भर्ती किया गया। उन्हें जिला और सत्र न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। एक साल तक उन्होंने मई 1978 में इस्तीफा दे दिया। इसके बाद हाई कोर्ट में प्रैक्टिस फिर से शुरू कर दी। वह अपने 65वें जन्मदिन पर सेवानिवृत्त हुए। उन्हें सीजेआई के रूप में 18 महीने का कार्यकाल मिला।