मंत्री-मुख्यमंत्री गर्भगृह में, आम दर्शनार्थी रहे इंतजार में

मंत्रियों के कारण महाकाल मंदिर में बेरिकेडिंग, श्रद्धालुओं को डेढ़ घंटे रोका
समाचार आज । उज्जैन
गुरुवार को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भगवान महाकाल के दरबार पहुंचे। लेकिन तय शेड्यूल से लेट होने के कारण वह भोग आरती में शामिल नहीं हो सके। मंत्री-मुख्यमंत्री के लेट होने के कारण डेढ़ घंटे पहले ही श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद कर दिया गया था।
प्रोटोकाल के मुताबिक केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी को 12.17 बजे मंदिर पहुंचना का था। लेकिन इंदौर से देर से निकलने के कारण उनको उज्जैन आने में देर हो गई थी। दोपहर 12.45 बजे होने वाली भोग आरती में गडकरी शामिल नहीं हो पाए। करीब 2 बजे के लगभग श्री गडकरी और मुख्यमंत्री चौहान ने गर्भगृह में जाकर पूजन-अर्चन किया।

महाकालेश्वर मंदिर में मंत्री-मुख्यमंत्री के आगमन के कारण दोपहर डेढ़ बजे के लगभग हरसिद्धि मंदिर का बेरिकेड और महाकाल प्री प्रेड बूथ के सामने बेरिकेडिंग कर दी गई थी। जैसे ही मंत्री का काफिला रुका तुरंत बेरिकेड लगा दिए गए। दोनों ओर ढेरों श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए खड़े रहे। इस दौरान वीआईपी प्रोटोकाल भी बंद कर दिया गया था। वहीं जूना महाकाल जाने वाले रास्ते को भी बेरिकेड्स के माध्यम से बंद कर दिया गया था।