Road Accident: मंदिर से लौट रहे बाइक सवार वृद्ध को डंपर ने कुचला
Road Accident: चालक ने भागने का किया प्रयास, लोगों ने पकड़ा

Road Accident: आगर रोड पर बुधवार सुबह मंदिर से लौट रहे बाइक सवार वृद्ध को डंपर ने कुचल दिया। वृद्ध की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर जब्त किया है।
चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि आगररोड मकोडिया आम मोड पर सुबह तेजगति से दौड़ते डंपर ने बाइक सवार वृद्ध को कुचल दिया था। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। चालक ने डंपर छोडक़र भागने का प्रयास किया, लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चालक को हिरासत में लेकर डंपर किया गया और थाने भेजा गया। घटनास्थल पर मृतक वृद्ध की शिनाख्त के प्रयास शुरू किये गये। उसके पास से मिले दस्तावेज और बाइक नंबर से सामने आया कि संजयनगर का रहने वाला गणपत पिता हमीरदास बैरागी 70 वर्ष है। परिजन घटना की जानकारी लगने पर पहुंचे और पहचान की। शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों ने बताया कि गणपत मिल मजदूर रह चुका था। वह प्रतिदिन बाइक से सुबह गयाकोटा और अंकपात मार्ग पर बने मंदिर दर्शन करने जाता था। सुबह भी मंदिर के लिये गये थे। वापस लौटते समय दुर्घटना हुई है। मृतक के चार पुत्र है, जो मजदूरी करते है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा है। बताया जा रहा है कि डंपर में चूरी भरी है। हिरासत में लिये गये चालक का नाम ओमप्रकाश निवासी शाजापुर है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

बाइक दुर्घटना में घायल की मौत
मंगलवार शाम नागदा के ग्राम हताई में हुई दो बाइक आमने-सामने टकरा गई थी। जिसमें एक बाइक पर सवार राजेंद्र पिता मोहनसिंह राठौर (42) गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए जिला अस्पताल रैफर किया गया। जहां देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। बुधवार सुबह अस्पताल पुलिस चौकी ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है। जांच नागदा थाना पुलिस को सौंपी जाएगी।