मध्यप्रदेश

उमा भारती की पत्थरबाजी के बाद महिलाएं भी जागीं

भोपाल की महिलाओं की शराब दुकान संचालक को चेतावनी- दुकान बंद करो नहीं तो जला देंगे

समाचार आज

पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती द्वारा भोपाल में एक शराब की दुकान में पत्थरबाजी करने के बाद क्षेत्र की महिलाओं में भी जोश आ गया है। इस घटना के एक दिन बाद क्षेत्र की महिलाओं ने शराब दुकान संचालक को चेतावनी दी है कि दुकान बंद करो नहीं तो हम दुकान जला देंगे।
सोमवार को भोपाल के आजाद नगर की कई महिलाएं शराब के खिलाफ सडक़ पर उतर आईं। पूर्व सीएम उमा भारती रविवार को भेल क्षेत्र के बरखेड़ा पठानी के आजाद नगर स्थित शराब की दुकान घुस गई थीं। यहां उन्होंने पत्थर मारकर बोतलें फोड़ दी थी। उनके इस कदम के एक दिन बाद सोमवार को इस क्षेत्र की महिलाएं आंदोलन पर उतारू हो गई। सोमवार शाम 6 बजे बड़ी संख्या में महिलाएं ठेके पर पहुंची। उन्होंने ठेके के सामने ही खड़े होकर नारेबाजी की। उन्होंने ठेकेदार और कर्मचारियों को खुली धमकी दी। कहा कि 15 दिन में ठेका बंद करे, वरना बोतलें फोडक़र जाएंगे और आग लगा देंगे। विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि शराब दुकान के कारण उनका घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। शराबी अश्लील फब्तियां कसते हैं। शाम होते ही महिलाएं घरों में कैद हो जाती है।

Related Articles

Back to top button