सीएम डॉ. मोहन यादव ने फुटपाथ से खरीदे सिंघाड़े, गरबा पांडालों में पहुंचे
सीएम डॉ. मोहन यादव ने भाई दूज से लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए देने के अपने पुराने वादे को भी दोहराया

उज्जैन: मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव मंगलवार 30 सितंबर शाम को उज्जैन पहुँचे, जहाँ उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच सादगी और धार्मिक आस्था का परिचय दिया। उन्होंने जहाँ एक ओर नगरकोट माता मंदिर में दर्शन किए, वहीं दूसरी ओर फुटपाथ पर बैठी एक महिला से सिंघाड़े खरीदकर आम लोगों से जुड़ने का संदेश दिया। इसके बाद शहर के कई गरबा स्थलोें में जाकर लोगों से मिले। इसी बीच उन्होंने भाई दूज से लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए देने के अपने पुराने वादे को भी दोहराया। सीएम रात में उज्जैन में ही विश्राम करेंगे। बुधवार सुबह वह नलखेड़ा (अलसीन) स्थित प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए जा सकते हैं, जहाँ उनके एक विशेष यज्ञ कार्यक्रम में भाग लेने की भी संभावना है।
घर पर अष्टमी पूजन के बाद माता मंदिर पहुंचे सीएम
मंगलवार शाम करीब 4:45 बजे उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपने घर पर अष्टमी पूजन में भाग लिया। इसके बाद, वह सीधे नगरकोट माता मंदिर पहुँचे और माता के दर्शन किए। मंदिर से लौटते समय, सीएम डॉ. यादव ने सड़क किनारे फुटपाथ पर सिंघाड़े बेच रही एक महिला से रुककर मुलाकात की और ₹200 देकर सिंघाड़े खरीदे। उनका यह कदम आमजन के बीच काफी चर्चा का विषय बना रहा।
किसानों के लिए बड़ा ऐलान: सोयाबीन पर भावांतर योजना
दताना हवाई पट्टी पर आगमन के दौरान, मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने किसानों के हित में एक बड़ा ऐलान भी किया। सीएम ने कहा कि सरकार सोयाबीन के लिए भावांतर योजना लागू करेगी, ताकि अतिवृष्टि (भारी बारिश) से हुए नुकसान की भरपाई की जा सके।
दीपावली की भाई दूज से लाडली बहनों को मिलेंगे ₹1500
मंगलवार रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवरात्रि पर्व के अवसर पर उज्जैन के विभिन्न गरबा पंडालों में शामिल होते हुए महिलाओं के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की कि दीपावली की भाई दूज से ‘लाडली बहनों’ को प्रतिमाह ₹1500 की राशि उनके खातों में अंतरित की जाएगी। सीएम ने यह घोषणा नागझिरी में आयोजित गरबा उत्सव के दौरान की।
गरबा पंडालों में सीएम ने की मां दुर्गा की आराधना
मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री डॉ. यादव शहर के कई गरबा महोत्सव कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। उपस्थित नागरिकों और श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सीएम ने पारंपरिक धुनों पर मां दुर्गा की आराधना की और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और सहअस्तित्व का माध्यम भी है। उन्होंने गरबा आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपरा को जीवंत रखते हैं।
- पांड्याखेड़ी में घोषणा: मुख्यमंत्री सबसे पहले संस्था अलख द्वारा पांड्याखेड़ी के डालडा मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहाँ उन्होंने संस्था को कार्यक्रम के बेहतर आयोजन के लिए ₹2 लाख की राशि देने की घोषणा की।
- इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ यादव नागझिरी पर श्री महाकाल यूथ क्लब द्वारा आयोजित गरबा उत्सव में सम्मिलित हुए और कहा की हामू खेड़ी टेकरी पर संतो के निवास बनाए जा रहे और उसके उचित प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है।उन्होंने कहा की दीपावली की भाई दूज से लाडली बहनों को प्रतिमाह 1500 रुपए की राशि प्रतिमाह उनके खातों में अंतरित की जाएगी।
उज्जैन अब बनेगा मेट्रोपॉलिटन सिटी
श्री महाकाल यूथ क्लब द्वारा आयोजित गरबा उत्सव के बाद मुख्यमंत्री डॉ यादव कालिदास अकादमी में श्री संजय अग्रवाल,श्री मुकेश यादव ,श्री अभय यादव आदि द्वारा आयोजित नवरंग डांडिया उत्सव में सम्मिलित हुए। कालिदास अकादमी में आयोजित नवरंग डांडिया उत्सव में शामिल होते हुए मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण विकास योजना पर प्रकाश डाला।
- मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र: उन्होंने घोषणा की कि उज्जैन अब मेट्रोपॉलिटन सिटी बन गया है। उज्जैन, इंदौर, देवास, पीथमपुर और शाजापुर के मक्सी को मिलाकर यह मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाई गई है। उन्होंने डांडिया उत्सव को सहअस्तित्व के भाव का प्रकटीकरण बताया।
- सम्मान और उत्साह: इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डमरू भी बजाया और सुश्री आकांक्षा गुप्ता तथा सुश्री तनवी गुलेछा को डांडिया उत्सव में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से प्रश्नोत्तरी पूछकर सही उत्तर देने वालों को पुरस्कार भी वितरित किए।
सिंहस्थ 2028 होगा भव्य और दिव्य
दशहरा मैदान पर आयोजित श्री अंगारेश्वर पार्क कॉलोनी गरबा उत्सव में सम्मिलित होते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी सिंहस्थ 2028 को लेकर एक महत्वपूर्ण बात कही। मुख्यमंत्री डॉ यादव कालिदास अकादमी के बाद दशहरा मैदान पर श्री नरेश शर्मा और श्री कपिल यार्दे द्वारा आयोजित श्री अंगारेश्वर पार्क कॉलोनी गरबा उत्सव में सम्मिलित हुए। यहां पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा की माता रानी के आशीर्वाद से उज्जैन का सिंहस्थ 2028 भव्य और दिव्य होगा। सिंहस्थ के लिए जिले के चारों ओर सड़कों और रेल मार्ग का जाल बिछाकर श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ यादव ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं से प्रश्नोत्तरी पूछ कर सही उत्तर देने वाले श्रद्धालुओं को पुरस्कार वितरण किया।



