उज्जैन में बड़ा हादसा: शिप्रा नदी के पुल से कार गिरी, 3 लोगों के बहने की आशंका
सफेद रंग की क्रेटा कार होने की संभावना, बोट और दो ड्रोन से की जा रही सर्चिंग

उज्जैन: शुक्रवार 6 सितंबर 2025 को उज्जैन में बड़ा हादसा हो गया। यहां शिप्रा नदी के ब्रिज से एक कार नीचे गिर गई। कार में 3 लोगों के होने की आशंका है, जिनकी तलाश में पुलिस और बचाव दल जुटे हुए हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कार जूना सोमवारिया की तरफ से बड़नगर की ओर जा रही थी, तभी वह ब्रिज के बाईं ओर से नीचे जा गिरी। ब्रिज और नदी के पानी के बीच करीब 12 फीट का फासला था। घटना रात करीब साढ़े 8 बजे की बताई जा रही है।
रेस्क्यू में चुनौती:
नदी में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आ रही हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान नावों और दो ड्रोन की मदद से कार और उसमें सवार लोगों को खोजने की कोशिश कर रहे हैं। अभी तक हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मौके पर लोगों की भीड़ जुटी
घटना की जानकारी जैसे ही लोगों को लगी, मौके पर लोग पहुंचना शुरू हो गए। रात तक बड़नगर रोड पर बड़े पुल के पास लोगों की भीड़ लगी हुई थी। पुलिस स्थिति पर नियंत्रण रखे हुए हैं।
क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सफेद रंग की क्रेटा कार है। तेज गति से आ रही थी। स्पीड अधिक होने के कारण संतुलन खो बैठी और बड़े पुल से नीचे गिर गई। प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि कार में आगे ड्राइवर और उसके पास एक और व्यक्ति बैठा था। अंदर भी लोग हो सकते हैं। कार चालक सफेद रंग का शर्ट पहने था। एसपी शर्मा ने भी सफेद रंग की क्रेटा कार होने की बात मीडिया से कही है। कार का नंबर और अंदर कितने लोग उसमें बैठे थे इसकी पुष्टि रात 12 बजे तक नहीं हो पाई है।