उज्जैनमध्यप्रदेश

उज्जैन के काल भैरव मंदिर में महिला श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी

काल भैरव मंदिर परिसर से महाराष्ट्र के दल की महिलाओं को धक्का देकर बाहर निकाला

उज्जैन। प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर में शुक्रवार 21 नवंबर 2025 को एक बार फिर श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। मंदिर में व्यवस्था संभाल रहे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने दर्शन के दौरान महिला श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी की और उन्हें धक्का देकर मंदिर परिसर से बाहर निकाल दिया। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। मंदिर के सुरक्षा कर्मियों और व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों ने महिला श्रद्धालुओं से बदसलूकी की और दर्शन के दौरान एक बुजुर्ग महिला को धक्का देकर मंदिर परिसर से बाहर कर दिया।

मंदिर में अफरा-तफरी का माहौल

यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है, जब मंदिर में काफी भीड़ थी। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मंदिर के कर्मचारी महिला श्रद्धालुओं का हाथ पकड़कर उन्हें धक्का दे रहे हैं और जबरन परिसर से बाहर निकाल रहे हैं।

  • बुजुर्गों से अभद्रता: वीडियो में दो बुजुर्ग महिलाएं भी एक-दूसरे को बचाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन सुरक्षाकर्मी उन्हें भी जबरदस्ती बाहर धकेलते नजर आए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

महाराष्ट्र से आए 40 लोगों के दल से हुआ विवाद

भैरवगढ़ पुलिस ने बताया कि यह झगड़ा मंदिर के मुख्य द्वार के पास हुआ। महाराष्ट्र से आए करीब 40 लोगों के दल के साथ यह विवाद हुआ, जो महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद काल भैरव मंदिर पहुंचे थे। मंदिर में अधिक भीड़ होने के कारण कर्मचारी श्रद्धालुओं को जल्दी दर्शन करके आगे बढ़ने के लिए कह रहे थे। इसी बात को लेकर दल की महिलाओं और मंदिर कर्मचारियों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की और अभद्रता में बदल गई।

किसी पक्ष ने दर्ज नहीं कराई शिकायत

घटना के बाद दोनों पक्ष भैरवगढ़ थाने पहुंचे थे। हालांकि,  दोनों ही पक्षों ने बाद में एक-दूसरे के खिलाफ कोई भी शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है।

पहले भी हो चुकी हैं मारपीट की घटनाएं

काल भैरव मंदिर में श्रद्धालुओं से विवाद की यह कोई पहली घटना नहीं है। साल 2024 में भी एक ऐसा ही विवाद सामने आया था, जब चार गार्डों ने मिलकर एक श्रद्धालु के साथ बेल्ट और डंडों से जमकर मारपीट की थी। उस समय भी गार्डों ने मंदिर के बाहर आकर हमला किया था। इस नई घटना ने एक बार फिर मंदिर की व्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

-हरिओम राय
उज्जैन के युवक ने इंदौर के रिटायर्ड अफसर को डिजिटल अरेस्ट कर ₹4.32 करोड़ ठगी

Related Articles

Back to top button