उज्जैन में दो सीएनजी पंप और शुरू होंगे

एक महीने में कंपनी ऋषिनगर और मक्सी रोड के पेट्रोल पंप पर बढ़ाने वाली है सुविधा
समाचार आज। उज्जैन
उज्जैन शहरवासियों को अब सीएनजी फ्यूल के लिए लंबे इंतजार से मुक्ति मिलने वाली है। कंपनी द्वारा जल्दी ही उज्जैन शहर में दो और नए फ्यूल स्टेशन शुरू किए जा रहे है। ये दोनों नए स्टेशन करीब एक महीने में ऋषिनगर और मक्सी रोड के पेट्रोल पंप पर शुरू हो जाएंगे। वर्तमान में सिर्फ एक ही सीएनजी फ्यूल स्टेशन शहर में हैं, इस कारण यहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। शनिवार को सीएनजी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अवंतिका गैस एजेंसी ने एक जागरूकता रैली भी शहर में निकाली।
उज्जैन शहर में जल्दी ही दो नए सीएनजी पंप शुरू होने वाले हैं। इन पंपों के खुलने के बाद शहर के लोगों को सीएनजी फ्यूल लेने में काफी सुविधा हो जाऐगी। इन दिनों परंपरागत फ्यूल पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इनसे पर्यावरण को भी काफी नुकसान होता है और फिलहाल इसका विकल्प सिर्फ सीएनजी के रूप में ही उपलब्ध है।
पेट्रोलियम संरक्षण अनुसंधान संघ ने जागरूकता अभियान चलाने के उद्देश्य शनिवार को उज्जैन शहर में एक कार्यक्रम आयोजित किया। लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आयोजन मेें बताया गया कि ईंधन के रूप में प्राकृतिक गैस यानी सीएनजी का उपयोग सभी के लिए कितना उपयोगी है। पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त अंशुल गुप्ता था।
अवंतिका गैस लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी गजानंद परमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के तहत पॉलिटेक्निक कॉलेज से सीएनजी वाहनों की रैली निकाली गई जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुन: पॉलिटेक्निक कॉलेज में ही समाप्त हुई। यहां पर अतिथियों का संबोधन हुआ और सीएनजी के महत्व को बताया गया। इस मौके पर कार्यक्रम में यह मांग भी उठी कि सीएनजी फ्यूल सेंटर शहर में सिर्फ एक होने के कारण सीएनजी वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। घंटो लाइन में खड़े रहने के बाद सीएनजी फ्यूल मिलता है।
कंपनी के विपणन उपप्रबंधक सुमितकुमार ने बताया कि बहुत जल्दी शहर के दो और पेट्रोल पंपों पर सीएनजी फ्यूल स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। ऋषिनगर स्थित पेट्रोल पंप और मक्सी रोड पर रुक्मिणी पंप पर सीएनजी फ्यूल स्टेशन एक महीने में स्थापित हो जाएगा। इसके अलावा अगले छह-सात महीने में और भी फ्यूल सेंटर बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।