China Door cut throat : प्रतिबंधित चाइना डोर ने बुजुर्ग का गला काटा
China Door cut throat : खून में लथपथ बुजुर्ग खुद ही पहुंचा अस्पताल, अब हालत बेहतर

China Door cut throat : प्रतिबंधित चाइना डोर का गला काटने का दौर अभी-भी जारी है। 13 दिसंबर को चाइना डोर ने एक बुजुर्ग का गला काट दिया। श्वास नली कटने से बुजुर्ग की जान पर बन आई, हालांकि बाद में डॉक्टरों की मेहनत से बुजुर्ग की जान बच गई। उनकी हालत अब खतरे के बाहर है।
यह घटना शाजापुर की है। घटना बुधवार 13 दिसंबर सुबह करीब 10.30 बजे की है। डांसी मोहल्ले के रहने वाले शानू खान उम्र 58 वर्ष बेरछा रोड पर बाइक से निकल रहे थे। यहां बच्चे पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान शानू खान पतंग की चाइना डोर में उलझ गए। उनका गला कट गया। काफी खून बहने लगा। खुद को संभालते हुए शानू बाइक से जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर तेजपाल सिंह जादौन ने बताया, शानू के गले की चार लेयर कट गई थीं। इसमें श्वास नली भी शामिल है। माइनर ऑपरेशन किया गया है। अब वह खतरे से बाहर है। शहरवासियों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइना डोर की बिक्री हो रही है। जिला प्रशासन इस पर रोक नहीं लग पा रहा है। दिसंबर से जनवरी महीने के बीच चाइना डोर से जख्मी होने के मामले जिला अस्पताल में आते ही हैं।
उज्जैन में भी हो चुकी है घटनाएं
चाइना डोर से राह चलते लोगों के गंभीर होने का घटना उज्जैन में भी हो चुकी है। तीन साल पहले यहां एक युवती की मौत भी हो चुकी है और अब तक सैकड़ों लोग घायल भी हो चुके हैं। डोर की घातक स्थिति के कारण ही प्रशासन ने पूरे प्रदेश में इसके उपयोग, प्रयोग और विक्रय पर प्रतिबंध लगा रखा है।