उज्जैन

रास्ता रोका तो रास्ते से हटा दिया

नगर निगम की सराहनीय पहल : एक दिन में ही 60 से अधिक पशुओं को गोशाला भेजा

उज्जैन। नगर पालिक निगम ने गुरुवार को सराहनीय अभियान चलाते हुए शहर के महाकाल क्षेत्र से करीब 60 से अधिक मवेशियों को पकडक़र गोशाला छोड़ा है। हालांकि इस अभियान के पीछे एक दिलचस्प कारण यह भी है कि इन मवेशियों ने गुरुवार को निगम के आला अधिकारियों का रास्ता रोक दिया था। ऐसे में इन्हें रास्ते से हटाना जरूरी हो गया था।

नगर निगम स्वास्थ्य विभाग उपायुक्त संजेश गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को शहर में विशेष अभियान के तहत मवेशियों को पकडऩे का अभियान चलाया गया था। जिसमें शहर के विभिन्न हिस्से से करीब 60 से अधिक मवेशियों को पकड़क़र रत्नाखेड़ी स्थित नगर निगम की कपिला गोशाला में छोड़ा है।

वाहन मालिकों पर भी होगी कार्रवाई

उपायुक्त गुप्ता का कहना है कि मवेशियों को पकड़ते वक्त पशु मालिक भी बाइक से आसपास घूमते हैं। ऐसे वाहन मालिकों की जानकारी निगम टीम ने निकाल ली है। इनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग को पत्र लिखा गया है।

निगम की कार्रवाई से लोगों को राहत

नगर निगम की इस कार्रवाई से लोगों में राहत है। एक ही दिन में इतने सारे पशुओं की धरपकड़ से शुक्रवार को महाकाल मंदिर क्षेत्र मेें राहत थी। इस इलाके में काफी संख्या में मवेशी सडक़ों पर घूमते थे। जिससे अक्सर ट्रैफिक जाम होता था।

इस वजह से हटाए पशु

गुरुवार दोपहर तो प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों का काफिला भी रामघाट जाते वक्त पशुओं के कारण जयसिंहपुरा तिराहा (चारधाम मंदिर के सामने) और हरसिद्धि मार्ग पर थम गया था।

वाहनों से उतरकर शहर के वरिष्ठ अधिकारियों को पशु मार्ग से हटाने पड़े थे। इस घटना के बाद निगम की टीम ने फुर्ती दिखाई और शाम तक यहां से सारे पशु हटा दिए। इससे क्षेत्र में काफी राहत है।

Related Articles

Back to top button