मध्यप्रदेश

महाकाल प्रोजेक्ट अब भूपेंद्र सिंह के जिम्मे

आते ही कामकाज पर दौड़ाई पैनी नजर- कहा काशी विश्वनाथ की तरह दमकेगा बाबा महाकाल परिसर

समाचार आज। उज्जैन

उज्जैन में स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा महाकालेश्वर मंदिर परिसर में किए जा रहे विस्तार व सौंदर्यीकरण के पहले चरण का काम तय समय सीमा में पूरा हो सके, इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी है। गुरूवार को नगरीय प्रशासन मंत्री खुद उज्जैन आए और मंदिर परिसर के विकासकार्यो की प्रगति की समीक्षा की।

उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर परिसर को विस्तार देकर इसे 2 हेक्टेयर क्षेत्र से बढ़ाकर 20 हेक्टेयर किया जा रहा है। केंद्र सरकार की मदद से यहां पहले चरण में 350 करोड़ रूपए के निर्माणकार्य अंतिम दौर में है। महाकालेश्वर मंदिर परिसर विस्तार का पूरा प्रोजेक्ट लगभग 700 करोड़ रूपए का है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महाकालेश्वर मंदिर परिसर विस्तार कार्यो का लोकार्पण करने का न्योता दिए जाने के बाद जून महीने में कभी भी प्रधानमंत्री मोदी उज्जैन आ सकते है। इस लिहाज से तय समय सीमा में यहां सारे काम पूरे करना चुनौती है।

विश्वसनीय मंत्रियों की सूची में भूपेंद्र सिंह

नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सबसे विश्वसनीय मंत्रियों की सूची में शामिल है। सीएम को जब भी कोई काम टाईम लिमिट में पूरा कराना होता है तो किसी विश्वसनीय मंत्री को ही इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाती है। सिंहस्थ से पूर्व भी नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह को इसी तरह का टारगेट मुख्यमंत्री की तरफ से मिला था।

उज्जैन पहुंचे निर्माणकार्यो को देखा

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के मंत्री भूपेंद्र सिंह गुरूवार दोपहर 2 बजे उज्जैन पहुंचे। वे करीब एक घंटे तक महाकालेश्वर मंदिर परिसर में रहे और यहां निर्माणकार्यो को देखा। शाम 4 से 5.30 बजे के बीच भूपेंद्र सिंह त्रिवेणी संग्रहालय में ही नगर निगम, स्मार्ट सिटी कंपनी, विकास प्राधिकरण, हाउसिंग बोर्ड और टीएंडसीपी विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। शाम 6 बजे वे उज्जैन से रवाना हो गए। नगरीय प्रशासन मंत्री का उज्जैन दौरा खास तौर पर महाकालेश्वर मंदिर से जुड़े निर्माणकार्यो को लेकर ही था। यहां उन्होंने निर्माणकार्यो की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

काशी विश्वनाथ की तरह ही महाकालेश्वर परिसर भी

केबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि महाकालेश्वर मंदिर के परिसर में पहले क्या परिस्थितियां थी, हम सभी ने देखी है। यहां सरकार द्वारा 750 करोड़ रूपए की राशी स्वीकृत की गई है, इससे यहां सारे काम हो रहे है। यहां शिवजी की विभिन्न मुद्राओं का प्रस्तुतिकरण है। परिसर को पुरातात्विक और धार्मिक दृष्टि से बनाया गया है। उज्जैन आने वाले समय में धार्मिक के साथ पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ की तरह ही महाकालेश्वर मंदिर का परिसर भी आने वाले दिनों में आकर्षण का केंद्र बनेगा। केबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उज्जैन आने की सहमति दी गई है लेकिन फिलहाल तिथि निश्चित नहीं हो सकी है।

Related Articles

Back to top button