उज्जैन

100 करोड़ की मालकिन नरवर राजपरिवार की महारानी के साथ क्‍या हुआ…

वारिस ने जताई दादी की हत्या की आशंका, बुआ पर लगाया आरोप

हरिओम राय

समाचार आज। उज्‍जैन

उज्‍जैन के पास नरवर राजघराने में संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद अब हत्या के आरोप तक पहुंच गया। 7 मई 2023 रविवार को राज परिवार के वारिस ने लापता 95 साल की दादी यानी राजघराने की महारानी की हत्या की आशंका जताते हुए सगी बुआ पर 100 करोड़ रुपए की जमीन हड़पने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है।

देवास रोड स्थित नरवर राजघराने के वारिस हिमावत सिंह ने बताया कि उनके परिवार की करीब 100 करोड़ रुपए कीमत की 100 बीघा जमीन है। राजघराने का इकलौता राजकुमार होने के कारण जमीन पर उनका अधिकार है। लेकिन उनकी बुआ विभासिंह ने करीब डेढ़ साल तक उनकी 95 साल की दादी महारानी अनिला कुमारी को बंधक बनाकर रखा। फिर उनकी मानसिक स्थिति खराब होने का लाभ उठाते हुए कूटरचित पेपर तैयार कर महारानी से फर्जी तरीके से पॉवर ऑफ अटर्नी पर साइन करवाकर लिए और चुपके से भू- माफियाओं को जमीन बेच दी।

बुआ कह रही है मौत हुई, पोते ने लगाया हत्‍या का आरोप

हिमावत सिंह का कहना है कि मामले में एसडीएम कोर्ट में केस करने पर 16 मार्च 2023 को बुआ ने बताया था कि दादी की 16 फरवरी में ही मौत हो चुकी है। लेकिन मौत कैसे और कहां हुई, कैसे अंतिम संस्कार किया, इस बारे में कुछ नहीं बताया। यहीं नहीं परिवार में भी किसी को मृत्‍यु की सूचना नहीं दी। इसी से आशंका है कि जमीन हथियाने के लिए बुआ ने दादी की हत्या कर दी है। उन्होंने दावा किया कि हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट में केस चल रहा है। पूरे मामले में जनप्रतिनिधि भी शामिल है।

बहू ने किया दावा-कुछ लोग महारानी को रजिस्ट्रार ऑफिस ले गए, फिर नहीं लौटीं

महारानी अनिला कुमारी की इकलौती बहू कनकबाली सिंह ने कहा कि पावर ऑफ अटॉर्नी के लिए ननद विभा के कहने पर कुछ लोग महारानी को रजिस्ट्रार ऑफिस ले गए थे। इसके बाद से वे महल में नहीं आई। महारानी ठीक से सुन नहीं सकतीं। याददाश्त भी कमजोर थी। उन्हें एसडीएम कोर्ट में विभा सिंह ने महारानी की मौत की जानकारी दी, लेकिन मृत्यु प्रमाण पत्र या अंतिम संस्कार के प्रमाण नहीं दिखा सकी।

150 बीघा जमीन दे चुुकी थी बेटी को

कनकबाली के अनुसार महारानी के नाम 250 बीघा जमीन थी। 150 बीघा जमीन बेटी विभा को देने के बाद उनके पास 100 बीघा जमीन थी।

बयान देने नहीं पहुंचे राजकुमार

नरवर टीआई संजय मंडलोई के अनुसार महारानी के गायब होने और हत्या की शिकायत आई थी। लेकिन राजकुमार और महारानी की बहू बयान दर्ज कराने नहीं आए। बयान के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी। तीन महीने पहले महारानी के बारे में पता किया था। तब उनकी बेटी विभा ने उज्जैन के होटल अंजू श्री में रखना बताया था। वहीं विभा सिंह के बेटे कुशाग्र सिंह ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि महारानी अनिला की मौत इंदौर केअस्पताल में हुई है। एसडीएम के समक्ष बता दिया है। हमने रजिस्ट्री नियम से करवाई है।

यह है राजघराने की पारिवारिक स्थिति

  • नरवर राजघराने के महाराजा महेंद्र सिंह का निधन 1990 में होने पर संपत्ति महारानी अनिला कुमारी के नाम हो गई। इनके दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़े बेटे वीरभद्र सिंह ने शादी नहीं की। छोटे बेटे शैलेंद्र सिंह की शादी कनकबाली से हुई। बेटी विभा सिंह की शादी बिहार में तत्कालीन आरजेडी से मंत्री रहे बसंत सिंह से हुई थी। लेकिन उनकी मौत के बाद वो उज्जैन आ गई और नरवर में रहने लगी। कुछ साल पहले दोनों बेटे शैलेंद्र सिंह और वीरभद्र सिंह का निधन हो गया। अनिला, बेटी और नाती के साथ ही रहती थीं। जबकि बहू कनकबाली भी महल में अपने बेटे राजकुमार हिमावत सिंह साथ रहती हैं।

Related Articles

Back to top button