ग्रीन फील्ड माइक्रो फाइनेंस ने 300 से अधिक महिलाओं को लाखों का चूना लगाया
ग्रीन फील्ड माइक्रो फाइनेंस ने लोन दिलाने के नाम पर बड़ा फ्रॉड:

उज्जैन, 23 नवंबर: महिलाओं को 1 लाख रुपए का लोन दिलाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ग्रीन फील्ड माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों ने प्रोसेस फीस, बीमा और फॉर्म जमा करने के बहाने प्रत्येक महिला से 3,650 रुपए ठग लिए। ठगी का शिकार 60 से अधिक महिलाओं ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
ग्रीन फील्ड माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी अंकित बर्फा और दो अन्य लोगों ने शहर की कई बस्तियों, जैसे अमरदीप नगर, शांति नगर, जूना सोमवारिया और तिलकेश्वर कॉलोनी की महिलाओं को निशाना बनाया। आरोपियों ने महिलाओं को मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर दो साल के लिए 1 लाख रुपए का लोन दिलाने का झांसा दिया। लोन दिलाने के एवज में उन्होंने हर महिला से प्रोसेस फीस, बीमा और फॉर्म जमा करने के नाम पर 3,650 रुपए जमा करवाए। 50 रुपए के स्टाम्प पर हस्ताक्षर कराने के साथ ही, उनसे दो फोटो, बिजली बिल की कॉपी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और राशन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी लिए गए। बताया गया है कि शहर में 300 से अधिक महिलाओं ने फॉर्म जमा किए थे। उन्हें आठ दिन में बैंक खाते में राशि आने का वादा किया गया था।
कार्यालय बंद कर आरोपी फरार
10 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जब महिलाओं के खाते में लोन की राशि नहीं आई, तो उन्होंने अंकित बर्फा को कॉल किया, जिसका मोबाइल बंद मिला। शनिवार को जब महिलाएं शहीद पार्क के पास स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचीं, तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद, 60 से अधिक ठगी की शिकार महिलाएं एकजुट होकर पुलिस कंट्रोल रूम और माधवनगर थाने पहुंचीं और सामूहिक शिकायत दर्ज कराई। माधवनगर पुलिस ने सभी महिलाओं के आवेदन ले लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा और उनकी तलाश की जाएगी।



