आगर रोड़ पर बस पलटी, 7 यात्री अस्पताल में भर्ती

समाचार आज। उज्जैन
उज्जैन के नजदीक आगर रोड़ पर निपानिया गांव के पास एक पिकअप वाहन को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार एक बस पलटी खा गई है। यह बस उज्जैन की है और उज्जैन से जीरापुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, इनमें से 7 लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
उज्जैन- आगर रोड पर निपानिया गांव के पास यह दुर्घटना सोमवार दोपहर सुबह करीब 11 बजे हुई है। बी.के. यादव ट्रेवल्स की बस उज्जैन से 11 बजे जीरापुर के लिए रवाना हुई थी। निपानिया गांव के पास सामने से आ रही एक पिकअप को बचाने के चक्कर में बस का चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और बस पलटी खा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार बहुत ही तेज थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। जैसे ही बस पलटी यात्रियों ने चीख-पुकार शुरू कर दी। राह चलते लोगों और गांव वालों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला। अलग-अलग वाहनों से घायल यात्रियों को उज्जैन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बस पलटने के बाद अधिकतर लोग दबने से घायल हुए हैं। इस दुर्घटना में रुचिका पति रमेश जोशी उम्र 48 निवासी महेश विहार को चोंटे आई ह। रुचिका नजरपुर के शासकीय स्कूल में शिक्षिका है। वे रोज की तरह ही स्कूल जा रही थी। उन्हें परिजन निजी अस्पताल ले गए। एक अन्य घायल कृष्णकांत पिता अवंतीलाल ललावत उम्र 29 वर्ष इंदौर स्थित प्लाईवुड की दुकान शिवाय ट्रेडिंग के लिए पेमेंट कलेक्शन का काम करते हैं। वे शांति नगर में रहते हैं। घायल मानसिंह पिता अंतर सिंह उम्र 60 वर्ष, मिस्त्री है, वे कायथा के मोड़गा गांव निवासी हैं। मानसिंह बस में सवार होकर तनोडिया छत भरने के लिए जा रहे थे। घायल तुलसीराम पिता भागीरथ, उम्र 45 वर्ष, खेती का काम करते हैं। तुलसीराम महिदपुर तहसील के पलवा गांव निवासी हैं। वे सुबह उज्जैन महाकाल दर्शन करने आए थे और बस से वापस घर लौट रहे थे। इसी तरह हरिशंकर पिता भवरलाल, उम्र 65 वर्ष, निवासी कार्तिक चौक, बीके यादव ट्रेवल्स की इसी बस में सवारी चेक करने का काम करते हैं। घायल यात्री समंदर पिता नाथू फुलेरिया, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम रुदाहेड़ा तहसील घटिया बस में सवार होकर घोसला जा रहे थे। बस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद भावी महापौर मुकेश टटवाल भी घायलों को देखने जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों से मिलकर उनका हाल पूछा और घटना की जानकारी ली।
जिस पिकअप वाहन को बचाने के चक्कर में यह बस पलटी खाई, उसमें सवार यात्रियों को भी चोंटे आई है। पिकअप वाहन जयपुर से 7 कांवड़ यात्रियों को लेकर उज्जैन आ रहा था। पिकअप के ड्राइवर चंदाराम पिता कानाराम उम्र 27 वर्ष ने बताया कि वह जयपुर के जमुआ रामगढ़ से परिवार के छह सदस्यों सहित महाकाल मंदिर में कावड़ लेकर आ रहे थे। निपानिया के पास सामने से आ रही बस ने सामने टक्कर मारी है। इससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है, हालांकि किसी यात्रीको ज्यादा चोट नहीं आई है।