उज्जैन

खराब काम करने पर सड़क ठेकेदार ब्लैकलिस्ट; 3 साल नहीं कर पाएगा काम

शहर की तीन मुख्य सड़कों पर घटिया काम किया, इसलिए किया ब्लैकलिस्ट

उज्जैन। नगर निगम ने शहर में घटिया डामरीकरण का काम करने वाले ठेकेदार मेसर्स राहुल गुप्ता को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। ठेकेदार पर आरोप है कि उसने शहर की तीन मुख्य सड़कों पर घटिया स्तर का काम किया, जिससे ये सड़कें जल्दी खराब हो गईं। बार-बार नोटिस देने के बावजूद ठेकेदार ने इन सड़कों की मरम्मत नहीं की, जिससे निगम की छवि को नुकसान पहुंचा।

क्या है ब्लैकलिस्ट का मामला?

उज्जैन नगर के वार्ड क्रमांक 44 में सीमेंट-कंक्रीट, डामरीकरण और पेवर ब्लॉक के काम के लिए टेंडर जारी किया गया था। यह ठेका मेसर्स राहुल गुप्ता को दिया गया था। ठेकेदार को पुलिस लाइन कॉलोनी, राजस्व कॉलोनी और दशहरा मैदान की मुख्य सड़क पर डामरीकरण का काम सौंपा गया था।

लेकिन, ठेकेदार ने काम में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा, जिसके कारण सड़कें कुछ ही समय में उधड़ गईं। निगम ने ठेकेदार को कई बार नोटिस भेजा और काम सुधारने को कहा, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। इस लापरवाही के चलते नगर निगम आयुक्त ने सख्त कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को निलंबित कर दिया।

ठेकेदार पर हुई यह कार्रवाई

  • ठेकेदार मेसर्स राहुल गुप्ता को तीन वर्ष की अवधि के लिए ब्लैकलिस्ट किया गया।
  • जारी किया गया कार्यादेश पूरी तरह से रद्द कर दिया गया।
  • कार्य की परफॉर्मेंस गारंटी के तौर पर जमा की गई दो लाख तिरालिस हजार रुपये की एफडीआर जब्त कर ली गई।
  • ठेकेदार का बचा हुआ भुगतान भी रोक दिया गया।

इस कार्रवाई से अन्य ठेकेदारों को एक संदेश दिया गया है कि गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर की कई अन्य सड़कें भी बारिश में खराब हो चुकी हैं, और अब यह मांग उठ रही है कि ऐसे सभी ठेकेदारों पर कार्रवाई हो या उनसे इन सड़कों की मरम्मत करवाई जाए।

(source)

Related Articles

Back to top button