उज्जैन

दुखद अंत : प्रेम-प्रसंग में आत्महत्या करने वाले कपल का महिदपुर में हुआ अंतिम संस्कार

 

उज्जैन: राजस्थान के भीलवाड़ा से भागे एक प्रेमी जोड़े के शव रविवार 29 सितंबर 2025 दोपहर उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील में शिप्रा नदी से बरामद हुए, जिसके बाद इस प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया। युवक और नाबालिग लड़की की लाशें आपस में रस्सी से बंधी हुई मिली थीं। दोनों भीलवाड़ा से लापता थे।

सोमवार को दोनों के परिजन महिदपुर पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार महिदपुर के श्मशान घाट पर कर दिया गया।

अलग-अलग जाति के थे, लड़की का परिवार था खिलाफ

पुलिस ने बताया कि मृतक युवक की पहचान बबलू गुर्जर (उम्र 22), निवासी जस्सीखेड़ा, भीलवाड़ा के रूप में हुई है। वहीं मृतका 17 वर्षीय नाबालिग युवती थी, जो बलाई समाज से थी।

युवक के परिजन महेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग कुछ महीने पहले सामने आया था। लड़के का परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार था। लड़की के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया। इसी के चलते दोनों 23 सितंबर को घर से बिना बताए निकल गए थे। परिजनों को दोनों की जानकारी तब मिली, जब महिदपुर पुलिस ने उन्हें शव मिलने की सूचना दी।

लावारिस मोटरसाइकिल से हुई पहचान

टीआई नरेंद्र परिहार ने बताया कि रविवार को महिदपुर के रावला घाट पर नदी में शव मिले थे। शुक्रवार को इसी क्षेत्र में नदी के पुल पर एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली थी। बाइक की जांच में मिले आधार कार्ड से युवक की पहचान बबलू गुर्जर के रूप में हुई। भीलवाड़ा पुलिस से संपर्क करने पर लापता नाबालिग लड़की की जानकारी मिली, जिसकी गुमशुदगी भीलवाड़ा थाने में दर्ज थी।

शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग के चलते खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है। शवों के आपस में बंधे होने से यह अनुमान है कि दोनों ने साथ मिलकर आत्महत्या की होगी। पुलिस अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत का सही कारण स्पष्ट हो सके।

-हरिओम राय
प्रेम प्रसंग : एक-दूसरे से लिपटे हुए शव शिप्रा नदी से मिले

Related Articles

Back to top button