उज्जैनमध्यप्रदेश

रील बनाने के लिए 7 साल के बेटे को चलती कार से लटकाया, तीन हजार रुपए का जुर्माना

रील बनाने के जुनून में बेटे की जान जोखिम में डाल दी

उज्जैन: मस्ती-मजाक और सोशल मीडिया पर रील बनाने के जुनून में एक पिता ने अपने ही 7-8 साल के बेटे की जान जोखिम में डाल दी। इस खतरनाक हरकत के लिए माधवनगर पुलिस ने कार चालक पिता पर सख्त कार्रवाई करते हुए तीन हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। यह मामला दिनभर शहर में चर्चा का विषय बना रहा।

दरअसल, मंगलवार 24 सितंबर 2025 की देर रात चिमनगंज मंडी थाने में पदस्थ आरक्षक सर्वेश मालवीय ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, तभी चामुंडा माता चौराहे पर उन्होंने एक कार के बाहर गेट पर लटके हुए एक छोटे बच्चे को देखा। कार धीरे चल रही थी, लेकिन यह हरकत बेहद जोखिमभरी थी। यदि बच्चे का पैर फिसलता तो बड़ा हादसा हो सकता था। आरक्षक ने तुरंत कार चालक को रुकने के लिए आवाज लगाई। मगर, चालक ने रुकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी और फ्रीगंज की तरफ भागने लगा। बच्चा लगातार कार के बाहर लटका रहा।

आईजी बंगले के पास कार को रोक लिया

आरक्षक सर्वेश ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी और अपनी बाइक से कार का पीछा करने लगे। वायरलेस पर सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और देवास रोड पर आईजी बंगले के पास महिला थाना प्रभारी मीना सोलंकी ने पुलिस बल के साथ कार को रोक लिया।

पुलिस ने कार चालक को बाहर निकालकर उसकी बेतुकी हरकत के लिए जमकर फटकार लगाई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम दीपक पमनानी निवासी ऋषिनगर बताया। दीपक ने स्वीकार किया कि वह अपने बेटे के साथ मस्ती कर रहा था और सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था।

टीआई राकेश भारती ने बताया कि पुलिस ने कार जब्त नहीं की है, बल्कि चालक पर तीन हजार रुपए का जुर्माना लगाया और उसे कड़ी समझाइश दी। पमनानी ने पुलिस को बताया कि उसने कार के अंदर से बच्चे को पकड़ रखा था, लेकिन उसकी इस लापरवाही को लेकर पुलिस ने उसे भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी है।

पत्नी ने खोली डिप्टी कलेक्टर की पोल, भ्रष्टाचार और जान से मारने की धमकी के सनसनीखेज आरोप

Related Articles

Back to top button