उज्जैन

उज्जैन में दर्दनाक हादसा: कुत्ते को बचाने में एक्टिवा से गिरे युवा इंजीनियर को बोलेरो ने रौंदा

नानाखेड़ा बस स्टैंड के पास हुई घटना, भाजपा नेता का भतीजा मृत; प्रॉपर्टी डीलर पिता गंभीर घायल

उज्जैन। नानाखेड़ा बस स्टैंड के पास मंगलवार 28 अक्टूबर 2025 सुबह एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा आईटी इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके प्रॉपर्टी डीलर पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जय भाजपा नेता अमित श्रीवास्तव के भतीजे थे।

कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 8 बजे नानाखेड़ा बस स्टैंड के पास यात्रिका होटल के सामने हुआ। ऋषिनगर निवासी विजय श्रीवास्तव अपने बेटे आईटी इंजीनियर जय श्रीवास्तव (24) को इंदौर जाने के लिए बस स्टैंड छोड़ने जा रहे थे। जय एक्टिवा चला रहे थे। अचानक सड़क पर कुत्ता सामने आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में एक्टिवा अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।

बोलेरो ने रौंदा: पीछे से आ रहे एक बोलेरो वाहन की चपेट में आने से जय गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता विजय श्रीवास्तव दूसरी ओर गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए।

इंजीनियर जय की मौत, पिता गंभीर

घटनास्थल पर मौजूद सीएम ड्यूटी में तैनात पुलिस बल ने तुरंत दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। जय श्रीवास्तव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता विजय श्रीवास्तव की हालत दोपहर तक स्थिर बनी हुई थी।

मृतक जय श्रीवास्तव आईटी इंजीनियर थे और बेंगलुरु की एक कंपनी में नौकरी करते थे, हालांकि फिलहाल वह ‘वर्क फ्रॉम होम’ पर थे और किसी जरूरी काम से मंगलवार को इंदौर ऑफिस जा रहे थे। इस मामले में नानाखेड़ा पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button