आँख में धूल झोंककर भाग रहा था अकबर, पुलिस ने मारी गोली
रतलाम में सट्टे के विवाद में गोलीकांड का मुख्य आरोपी अकबर घोषी राजस्थान के प्रतापगढ़ से अपने दो अन्य साथियों के साथ पकड़ा गया। पुलिस हिरासत से भागने के दौरान आरोपी अकबर घोषी गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी अकबर घाेषी और उसके दो साथियों को पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया था । पिपलोदा और जावरा के बीच में आरोपी अकबर घोसी ने लघुशंका करने का बहाना बनाकर पुलिस वाहन रुकवाया और एक पुलिस आरक्षक से हथियार छीनकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने दो हवाई फायर किए लेकिन अकबर घोसी नहीं रुका जिस पर पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगने से वह घायल हो गया। घायल आरोपी अकबर घोषी को जावरा शासकीय अस्पताल लाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। आरोपी को पकड़ने और झूमाझटकी में एसआई अनुराग यादव और आरक्षक दिलीप को भी चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी गौरव तिवारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी गौरव तिवारी ने बताया कि अकबर घोषी सहित गोलीकांड के तीनों आरोपियों को राजस्थान के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया था। गोलीकांड में प्रयुक्त वाहन और हथियार की तलाश के लिए आरोपियों की निशानदेही पर उन्हें नागदा ले जाया जा रहा था। पिपलोदा और जावरा के बीच रास्ते में अकबर ने टॉयलेट करने का बहाना कर पुलिस वाहन रुकवाया। इसी दौरान अकबर ने आरक्षक दिलीप की आंखों में मिट्टी डाल दी और उसका शासकीय हथियार छीनकर भाग निकला। अकबर का पीछा कर निरीक्षक शिवमंगल सिंह सेंगर और एसआई अनुराग यादव ने एक-एक हवाई फायर कर अकबर को रुकने की चेतावनी दी लेकिन वह नहीं रुका। जिस पर उसे रोकने के लिए पैरों पर गोली चलाई गई जिसमें एक गोली अकबर घोसी को पैर में लग गई। फायरिंग में घायल हुए आरोपी अकबर को जावरा शासकीय चिकित्सालय भेजा गया। जहां उसका उपचार जारी है। वहीं शेष दो आरोपियों को दूसरी पुलिस टीम रतलाम लेकर पहुंची है।
