उज्जैनमध्यप्रदेश

प्रेम प्रसंग : एक-दूसरे से लिपटे हुए शव शिप्रा नदी से मिले

उज्जैन: उज्जैन से करीब 50 किलोमीटर दूर महिदपुर तहसील में बहने वाली शिप्रा नदी से रविवार 28 सितंबर 2025 की दोपहर एक युवक और एक युवती के शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इन शवों को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है और दोनों ने नदी में कूदकर आत्महत्या की है।

दो दिन पहले पुल पर मिली थी लावारिस बाइक

रावला घाट पर स्थानीय लोगों ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे नदी में दो शव देखे, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। महिदपुर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार को नदी के पुल पर एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली थी। मोटरसाइकिल की जांच में 22 वर्षीय बबलू गुर्जर, निवासी जस्सीखेड़ा, भीलवाड़ा का आधार कार्ड मिला। भीलवाड़ा पुलिस से संपर्क करने पर पता चला कि बबलू एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती को भगाकर लाया था, जिसकी गुमशुदगी भीलवाड़ा थाने में दर्ज है।

शव थे एक-दूसरे से चिपके हुए

प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है, जिसके चलते दोनों ने नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने बताया कि दोनों शव एक-दूसरे से चिपके हुए पाए गए। युवती की पहचान अभी नहीं हो पाई है। महिदपुर पुलिस ने भीलवाड़ा पुलिस और मृतक युवक के परिवार को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों के आने के बाद ही इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।

भक्ति में लीन बंदी : उज्जैन केंद्रीय जेल में चल रहा गरबा, 682 कैदी रख रहे उपवास

Related Articles

Back to top button