उज्जैनमध्यप्रदेश

महाकाल की नगरी में  गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ का जयघोष

महाकाल की नगरी में जन्माष्टमी पर निकला चल समारोह, 2 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में उमड़ा सर्व समाज

महाकाल की नगरी उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली उज्जैन में शुक्रवार को जन्माष्टमी महापर्व की खासी धूम रही। राधा कृष्ण यादव पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट एवं मध्यप्रदेश यादव अहीर महासभा द्वारा भव्य जन्माष्टमी चल समारोह निकाला गया। टॉवर चौक स्थित छोटा गोपाल मंदिर से सुबह शुरू हुआ करीब दो किलोमीटर लंबा यह चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए यंत्र महल मार्ग स्थित होटल अथर्व पहुंचा। चल समारोह में यादव अहीर समाज के साथ ही सर्व समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। पालकी में विराजित बाल गोपाल के दर्शन के लिए मार्ग भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और पूरा शहर ‘जय श्रीकृष्ण’ व ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से भक्तिमय नजर आया।

पूजन के साथ हुई शुरुआत, यह रहे प्रमुख आकर्षण

चल समारोह की शुरुआत से पहले छोटा गोपाल मंदिर में पालकी में विराजित बाल गोपाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। यादव महासभा के नगर अध्यक्ष नारायण यादव, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा सहित वरिष्ठजनों व युवा-महिला संगठनों के पदाधिकारियों ने आरती की। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, डीजे, हाथी, घोड़े, ऊंट, बग्गियां और कठपुतली दल आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी लोक नृत्य दल, बालिकाओं के अखाड़े, रास दल, डमरू दल और शौर्य वीरा दल ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। समाज के पुरुष सफेद-पीले कुर्ते-पायजामे और महिलाएं केसरिया साड़ी पहनकर शामिल हुईं।

इन मार्गों से गुजरी शोभायात्रा और हुआ सम्मान

पालकी के साथ चल समारोह टॉवर चौक से शुरू होकर फ्रीगंज ओवरब्रिज, चामुंडा माता चौराहा, देवास गेट, मालीपुरा, दौलतगंज, इंदौर गेट और हरिफाटक ओवरब्रिज होते हुए होटल अर्थव पहुंचा। पूरे मार्ग में सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों ने मंच बनाकर पुष्पवर्षा की। होटल अर्थव पहुंचने पर बाल गोपाल का सामूहिक पूजन किया गया। यहां राधा-कृष्ण बने बच्चों का सम्मान हुआ। इस दौरान ज्वलंत शर्मा ने भक्तिगीतों की प्रस्तुति दी। कलावती यादव, नारायण यादव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुपुत्र डॉ. अभिमन्यु यादव ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। अंत में श्रद्धालुओं ने फलाहारी प्रसादी ग्रहण की।

जनप्रतिनिधियों सहित प्रदेशभर से पहुंचे समाजजन

आयोजन में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधायक रामलाल मालवीय, समाजसेवी नरेश शर्मा, अभय यादव, वैभव यादव, नमित यादव, नीलेश यादव, निशांत यादव, आजाद यादव, जमनालाल यादव, वीरेंद्र आंजना मित्र मंडल, प्रेम सिंह यादव, संभागीय अध्यक्ष ओम यादव, ट्रस्ट अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, चल समारोह अध्यक्ष विजय सिंह यादव, प्राधिकरण उपाध्यक्ष मुकेश यादव, युवा संगठन अध्यक्ष पवन यादव, महिला संगठन अध्यक्ष मधु यादव, रेखा यादव, शोभा यादव और महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रमिला यादव ने सक्रिय भागीदारी की। इसके अलावा इंदौर से गुलशन यादव, श्याम यादव, कपिल यादव, नागदा से गोवर्धन सिंह यादव, बड़नगर से विजय सिंह यादव माटसाब, मथुरालाल यादव, देवास से जीवन यादव, हरिसिंह यादव, सुमेर सिंह यादव, भगवान सिंह यादव, तराना से गोकुल सिंह यादव, मुकेश यादव, बबलू यादव, विदिशा से डॉ. इंदर यादव, रवि यादव, सचिन यादव, गुना से अमर सिंह यादव, अमित यादव और हाटपिपलिया से महेंद्र यादव मित्र मंडल उपस्थित रहे। ब्राह्मण, बैरवा, सिंधी और आंजना सहित अन्य समाजों ने भी स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button