महाकाल दर्शन को आए 6 श्रद्धालु शिप्रा नदी में बहे, रेस्क्यू टीम ने बचाई जान

उज्जैन, 4 अक्टूबर: उज्जैन, देवास और इंदौर में हुई बारिश के बाद शिप्रा नदी का जल स्तर शनिवार 4 अक्टूबर 2025 को अचानक बढ़ गया। इसी दौरान, उत्तर प्रदेश से महाकाल दर्शन के लिए आए 6 श्रद्धालु रामघाट पर स्नान करते समय नदी के तेज बहाव में बह गए।
मौके पर मौजूद एसडीआरएफ, होमगार्ड और मां शिप्रा तैराक दल की मुस्तैद टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी 6 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
गहराई का अंदाजा न लगा पाए श्रद्धालु
शनिवार सुबह रामघाट पूरी तरह जलमग्न हो चुका था और नदी का बहाव काफी तेज था। यूपी से आए ये श्रद्धालु स्नान कर रहे थे, लेकिन गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण वे अचानक नदी के तेज बहाव में फंस गए और डूबने लगे। 4 श्रद्धालुओं को आरती स्थल के पास से 2 श्रद्धालुओं को करीब 100 मीटर दूर रामघाट चौकी के सामने से रेस्क्यू टीम ने तुरंत नदी में छलांग लगाकर लोगों को बाहर निकाला। कुछ श्रद्धालुओं के फेफड़ों में पानी भर गया था, जिसे निकालकर उनकी जान बचाई गई।
प्रशासन की अपील: स्नान से बचें
शिप्रा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण रामघाट पूरी तरह जलमग्न हो गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल रामघाट और अन्य घाटों पर स्नान करने से बचें। एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें लगातार नदी किनारों पर निगरानी रख रही हैं।



