संत प्रेमानंद से कॉमेडियन राजपाल यादव बोले – “लगता है श्रीकृष्ण का मनसुखा मैं ही था!”

मथुरा। बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन एक्टर राजपाल यादव मंगलवार 3 dec 2025 को वृंदावन पहुँचे और उन्होंने विश्व विख्यात संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान राजपाल यादव ने हास्य और भक्ति का ऐसा संगम प्रस्तुत किया कि प्रेमानंद महाराज खिलखिलाकर हँस पड़े।
राजपाल ने अपनी मजाकिया शैली में कहा, “हमें तो एक पागलपन… गलतफहमी अंदर मानकर बैठ गए कि द्वापर हुआ है, कृष्णा जी हुए हैं, और मनसुखा मैं ही था।” यह सुनकर संत प्रेमानंद महाराज इतने प्रसन्न हुए कि वह ठहाके मारकर हँसते-हँसते लोटपोट हो गए।
“पत्नी झगड़ा करेगी, अगली बार दर्शन दीजिएगा”
प्रेमानंद महाराज ने राजपाल यादव की तारीफ करते हुए कहा, “पूरे भारत को हँसाने वाले, पूरे भारत का मनोरंजन करने वाले आप बिल्कुल हो।” मुलाकात के अंत में, राजपाल यादव ने एक मजेदार बात कहकर विदाई ली, जो माहौल को हास्य से भर गई: “मेरी पत्नी श्री राधारानी की भक्त हैं, साथ लेकर चलती हैं। आज जब उनको पता चलेगा कि आपके दर्शन किए तो वह झगड़ा करेंगी। इसलिए अगली बार दर्शन का अवसर दें।”
इस बात पर संत प्रेमानंद महाराज मुस्कुराए और बोले, “आप नाम जप करते रहिए। हर समस्या में मजबूत रहिए, टूटना नहीं।”
भगवान ही समस्याओं में साथ देते हैं: प्रेमानंद महाराज
मुलाकात के दौरान राजपाल यादव ने सबसे पहले प्रेमानंद महाराज को प्रणाम किया, जिन्होंने पूछा, “ठीक हो?” राजपाल ने जवाब दिया, “आज ठीक हूँ।” राजपाल ने अपने आध्यात्मिक जुड़ाव को साझा करते हुए बताया कि उन्हें 1999 में दद्दा जी (पंडित देव प्रभाकर शास्त्री जी) से दीक्षा लेने का सौभाग्य मिला था और वह गुरुजी के साथ अध्यात्म से जुड़े रहे।
इस पर संत प्रेमानंद महाराज ने जीवन की सच्चाई बताई। उन्होंने कहा:
“जीवन में कभी-कभी विपत्तियाँ आती हैं, दुख आते हैं… ऐसी परिस्थितियाँ आ जाती हैं कि जीना मुश्किल होता है। हमारी उन समस्याओं के समय हमको कोई संभाल सके वो केवल भगवान हैं। आप कल समस्या में फँस जाएँगे तो राजपाल आ रहे हैं, यह देखकर लोग साइड में हो जाएँगे। समस्याओं में केवल भगवान साथ देते हैं। इसलिए भगवान का स्मरण जरूर करते रहो। नाम जप करते रहो और जीवन को आनंदमय बनाओ।”
उन्होंने राजपाल यादव को प्रेरित करते हुए कहा, “कभी कोई भी परिस्थिति आए, टूटिएगा नहीं। भगवान को याद कीजिएगा। वो बहुत सहयोग देते हैं, बहुत बल देते हैं।”
राजपाल ने महाराज जी के चरणों में कहा कि उन्होंने साबित कर दिया है कि शास्त्र ठीक कहता है, ईश्वर है।


