श्री महाकाल मंदिर की सुरक्षा संभालने के लिए देश की नामी कंपनियाँ इच्छुक, 20 करोड़ का टेंडर

उज्जैन: श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए देश की कई नामी सुरक्षा एजेंसियाँ रुचि दिखा रही हैं। इन कंपनियों में वे बड़े औद्योगिक घरानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कमान संभालने वाली कंपनियाँ भी शामिल हैं,।
श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति ने दो साल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए हाल ही में ₹20 करोड़ का टेंडर जारी किया है। इसके तहत चयनित कंपनी को सुरक्षा अधिकारी, कर्मचारी और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने होंगे।
टेंडर प्रक्रिया के तहत हाल ही में प्री-बिड मीटिंग आयोजित की गई थी, जिसमें देश की नामी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और मंदिर अधिकारियों के साथ टेंडर की शर्तों पर चर्चा की। चूँकि यह प्रक्रिया गोपनीय है, इसलिए मंदिर समिति के अधिकारी इस पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं।
रुचि दिखाने वाली प्रमुख कंपनियाँ:
मीटिंग में शामिल होने वाली देश की कुछ प्रमुख सुरक्षा एजेंसियाँ हैं:
- टाइगर फोर्स सिक्युरिटी सर्विसेस
- जीडीएक्स सिक्युरिटी सोल्युशन इंडिया प्रालि
- फॉक्स मैनपावर एंड सिक्युरिटी सर्विसेस
- वीओआई
इसके अलावा, मंदिर में पहले सुरक्षा व्यवस्था संभाल चुकी केएसएस (कृष्णा सिक्युरिटी एंड सर्विसेस) और वीएचएसके ने भी इस टेंडर के लिए रुचि दिखाई है। मंदिर की शर्तें और ₹60 लाख की अमानत राशि को देखते हुए यह स्पष्ट है कि कोई बड़ी और सक्षम कंपनी ही यह टेंडर हासिल कर सकती है।
वर्तमान में मंदिर की सुरक्षा का जिम्मा मुंबई की क्रिस्टल इंटीग्रेटेड प्रा.लि. के पास है। यह कंपनी शाहरुख खान के बंगले और प्रमुख होटलों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जानी जाती है। हालाँकि, मंदिर समिति ने क्रिस्टल कंपनी पर समय पर वेतन न देना, कर्मचारियों और संसाधनों की पूर्ति न कर पाना और कर्मचारियों की हरकतों के कारण मंदिर की बदनामी होने पर कई बार जुर्माना लगाया है, जिसके चलते मंदिर प्रशासन नई और बेहतर व्यवस्था की तलाश कर रहा है।



