दुबई से आए शेख के स्वागत में किया हर्ष फायर, नोट भी उड़ाए: वीडियो वायरल होने पर तीन पर FIR, दो हिरासत में
बिरलाग्राम के झिरनिया गांव का मामला, सोशल मीडिया पर अगस्त माह का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उज्जैन। शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर बिरलाग्राम क्षेत्र के ग्राम झिरनिया में दुबई से आए शेख के स्वागत में बंदूक से हर्ष फायर करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए तीन लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को राउंडअप कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
बाने में चलीं बंदूकें, हवा में उड़ाए नोट
ग्रामीण एडिशनल एसपी कारणदीप सिंह के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच क्राइम ब्रांच डीएसपी योगेंद्र सिंह तोमर को सौंपी गई थी। पड़ताल में सामने आया कि वीडियो झिरनिया गांव का है, जहां दुबई से आए एक शेख के स्वागत में बाना (जुलूस) निकाला जा रहा था। इस दौरान दोनाली बंदूक से दनादन हर्ष फायर किए गए और हवा में नोट भी उड़ाए गए। जांच में यह वीडियो इसी साल अगस्त महीने का होना पाया गया है।
रतलाम और धार के दो आरोपी राउंडअप
एसपी के निर्देश पर बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने कार्रवाई करते हुए तीन अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया था। वीडियो के आधार पर दो आरोपियों की पहचान इरफान (40) निवासी रतलाम और असलम (45) निवासी धार के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि तीसरे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी होते ही पूरे मामले का औपचारिक खुलासा कर दिया जाएगा।



