बागेश्वर बाबा के दिव्य दरबार में भगदड़, कई घायल

समाचार आज । उज्जैन
देश की राजधानी नई दिल्ली के पास नोएडा में बुधवार दोपहर को बड़ा मामला हो गया। ग्रेटर नोएडा में बागेश्वर वाले बाबा पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार में बुधवार को भीड़ ज्यादा होने से भगदड़ मचने की घटना हुई है। कई लोगों को चोंट आई है। घटना के वक्त कार्यक्रम में 5 लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे।
घटना के वक्त बुधवार को बागेश्वर बाबा के दिव्य दरबार में अर्जी लगाने की होड़ मची थी। भीड़ बेकाबू हो गई और अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि वीआईपी पास से पीछे छोटे से गेट से एंट्री करवाई जा रही थी, वहां पर बिजली के तार होने से एक महिला को करंट लगने की जानकारी पंडाल में बैठे लोगों तक पहुंची तो अचानक भगदड़ का माहौल बन गया। घायल हुए लोगों में ज्यादातर बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं हैं। हालांकि कुछ देर में ही पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया।
भीड़ अधिक होने से हालात बेकाबू हो गए
जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम के लिए आयोजकों तीन पंडाल लगाए थे और तीनों भर गए थे। पंडाल के बाहर भी भक्तों की भीड़ लगी रही। बड़ी संख्या में पास जारी किए गए थे, लेकिन भीड़ को देखते हुए एंट्री पहले ही बंद कर दी गई थी। दोपहर 12 बजे से पहले ही दिव्य दरबार में पांच लाख से अधिक लोग पहुंच चुके थे। इसके बाद भी श्रद्धालुओं का दिव्य दरबार में आना लगातार जारी रहा। बाद में कार्यक्रम स्थल पर हालात बेकाबू हो गए। स्थिति को देख पुलिस ने श्रद्धालुओं से दिव्य दरबार के समाप्त होने की बात कही। श्रद्धालुओं से घर जाने का अनुरोध किया। लोगों से कहा गया कि वे घरों से ही प्रवचन सुनें। टीवी पर उनका कार्यक्रम आ रहा है। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के इमरजेंसी विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक तीन महिलाओं और एक पुरुष को यहां भर्ती किया गया था, जिसमें से एक महिला को इलाज के बाद वापस भेज दिया गया है। भीड़ में घुटन की वजह से चारों लोगों को परेशानी हुई थी। अस्पताल में भर्ती तीनों मरीज की हालत अब स्थिर है। उन्हें भी घर भेज दिया जाएगा।