राजा हत्याकांड में बड़ा मोड़, हत्या के आरोपी पीछा करते वीडियो में नजर आये
राजा हत्याकांड में अहम सबूत हो सकता है यह वीडियो, अचानक बना लिया था

इंदौर के राजा हत्याकांड में अहम सबूत सामने आया है। सोमवार 16 जून 2025 को यह वीडियो सामने आया है। इसे मेघालय के एक वीडियोग्राफर ने शूट किया है।
वीडियो फोटोग्राफर देव सिंह ने लिया है। देवसिंह का पूरा नाम देवेंदर सिंह है और वे सोनीपत हरियाणा के रहने वाले हैं। देव ने दो वीडियो सामने पेश किये हैं, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि ये सोनम और राजा का मेघालय में सोहरा के डबल डेकर रूट ब्रिज से गुजरने के दौरान का वीडियो है। देव के मुताबिक, ये वीडियो 23 मई को सुबह 9.45 का है, जो संयोगवश अचानक शूट हुआ है। ये वीडियो राजा के भाई विपिन ने भी देखा है।
देव सिंह ने वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर लिखा- मैं 23 मई 2025 को मेघालय के डबल डेकर रूट ब्रिज गया था और वहां वीडियो रिकॉर्ड किए थे। देवी सिंह ने लिखा- कल जब मैं अपने वीडियो चेक कर रहा था, तो मुझे इंदौर वाले कपल की रिकॉर्डिंग मिली। ये सुबह करीब 9.45 बजे का समय था, जब हम नीचे जा रहे थे और वह कपल ऊपर की ओर आ रहा था। वे नोंग्रियाट गांव में रात बिताने के बाद वापस जा रहे थे।
देव सिंह ने लिखा- मुझे लगता है कि यह उस कपल की आखिरी रिकॉर्डिंग है। सोनम ने वही सफेद शर्ट पहनी हुई थी, जो बाद में राजा के पास मिली थी। मुझे उम्मीद है कि यह वीडियो मेघालय पुलिस को पूरे मामले को जोडऩे में मदद करेगा। जब भी मैं वीडियो में राजा को देखता हूं, मुझे उसके लिए बहुत बुरा लगता है। वह बिल्कुल सामान्य दिख रहा था।
दूसरे वीडियों में दिख रहे हैं आरोपी भी
देव सिंह ने लिखा कि दूसरे वीडियो में तीनों आरोपी विशाल, आनंद और आकाश नजर आ रहे हैं। विशाल सबसे आगे चल रहा है। वह कैमरे की तरफ देख भी रहा है। वहीं आनंद अपना मुंह दूसरी ओर घुमा लेता है। तीसरे आरोपी आकाश का चेहरा दूर से दिख रहा है। हालांकि पास आने पर वह अपना मुंह नीचे कर लेता है, उसके बड़े बालों से उसका चेहरा ढंक जाता है। देव सिंह ने लिखा- मैं दूसरा वीडियो पोस्ट कर रहा हूं, जो हमें सोहरा ट्रेक से हमारे डिवाइस फुटेज से मिला है। इस वीडियो में वे तीन लोग कैद हैं, जिन्हें अब इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। देव सिंह ने लिखा – ये कोई योजनाबद्ध हाइलाइट नहीं था। हमारे पास बस घंटों की रॉ फुटेज सेव थी, जिसे हमने घर लौटने पर पूरी तरह से देखा भी नहीं था। बाद में इसे देखा। हम सिर्फ यात्री हैं जो उस दिन उसी जगह पर थे, अनजाने में कुछ ऐसा कैप्चर कर लिया जो बाद में ऐसी दिल दहला देने वाली घटना से जुड़ गया।
2 जून को मिला था राजा का शव
सोनम (25) और राजा (29) की शादी 11 मई 2025 को इंदौर में हुई थी और वे 21 मई 2025 को हनीमून के लिए असम के गुवाहाटी से होते हुए मेघालय पहुंचे थे। वे दोनों 23 मई 2025 को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में नोंगरियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद ही “लापता” हो गए थे। राजा का क्षत-विक्षत शव 2 जून को वेइसाडोंग फॉल्स के पास एक घाटी में मिला था। सोनम 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिली थी। पुलिस ने जब उसके प्रेमी और तीन हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया तो उसने आत्मसमर्पण कर दिया था।