मध्यप्रदेश

उज्‍जैन बार एसोसिएशन चुनाव का मतदान प्रारंभ

समाचार आज । उज्‍जैन

नव निर्मित जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार को मंडल अभिभाषक संघ के पांच पदों के लिए हो रहे चुनाव में शुक्रवार सुबह 11 बजे से वोटिंग शुरू हुई। शाम 4 बजे तक कुल 1374 अभिभाषक अपने मताधिकारी का प्रयोग करेंगे। पांच पदों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव पद के लिए कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। 11 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। चुनाव के परिणाम रात 8 बजे तक आएंगे।

मंडल अभिभाषक संघ के चुनाव अधिकारी गोविंद शर्मा ने बताया कि शाम 4 बजे तक वोटिंग प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद मतगणना होगी। रात 8 बजे तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। संघ के चुनाव को देखते हुए जिला न्यायालय परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही शुक्रवार को आमजन को परेशानी नहीं हो इसके लिए कोर्ट में छुट्टी कर दी गई है। दोपहर 2 बजे तक हुए मतदान के दौरान 500 मतदाताओं ने अपने वोट डाल दिए थे।

कोर्ट परिसर के बाहर उम्मीदवारों के स्टॉल लगे

न्यायालय परिसर के पहले कोठी रोड तिराहा से लेकर जिला न्यायालय तक बार एसोसिएशन चुनाव के लिए पूरा क्षेत्र बैनर,पोस्टर से पटा हुआ है। न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर पोहा, आलू बड़े और भजिये के काउंटर भी दिखाई दे रहे है। स्टॉलों पर अभिभाषक चुनाव को लेकर चर्चा करते नजर आ रहे हैं। अभिभाषक संघ के कुल 1374 वकील मतदाताओं के लिए मतदान कक्ष में 15 बूथ बनाया गया है।

पांच पदों के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में

अभिभाषक संघ के चुनाव में पांच पदों के लिए कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए प्रमोद चौबे, अशोक यादव, सुरेंद्र चतुर्वेदी का नाम है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र गोंदिया, मुकेश उपाध्याय, स्नेहिल गेहलोद, विजय गणेश पटेल का नाम शामिल है। सचिव पद के लिए डॉ. प्रकाश चौबे, संतोष सिसोदिया, शैलेश मनाना का नाम है। सह सचिव अधिवक्ता कल्याण पद के लिए अरविंद शर्मा, सागर सिंह तिरवार है। कोषाध्यक्ष पद के लिए देवेंद्र शर्मा, महेंद्र सोलंकी, संजय सोलंकी का नाम है।

Related Articles

Back to top button