मध्यप्रदेश

श्री महाकालेश्वर मंदिर के नाम पर ठगी

मंदिर में एसी लगाने के आर्डर का झांसा देकर व्यापारी से एक लाख रुपए ठगे

समाचार आज। उज्जैन

उज्जैन में ज्योर्तिलिंग महाकालेश्वर मंदिर में ए.सी. लगवाने का प्रलोभन देकर फ्रीगंज के एक इलेक्ट्रानिक्स व्यापारी के साथ लगभग 1 लाख रूपए की ठगी हो गई है। माधवनगर पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।

उज्जैन के फ्रीगंज क्षेत्र में बैताल मार्ग स्थित अरिहंत इलेक्ट्रानिक्स के संचालक विजय पिता सुभाषचंद्र जैन के यहां पूर्व में काम करने वाले दीपक जोशी के पास एक अज्ञात शख्स का फोन कॉल पहुंचा था। कॉल करने वाले ने बताया कि वह महाकालेश्वर मंदिर से बोल रहा है। दीपक ने विजय जैन की इस शख्स से फोन पर बात कराई। कॉल करने वाले ने अरिहंत इलेक्ट्रानिक्स संचालक विजय जैन को बताया कि महाकालेश्वर मंदिर में 35 ए.सी. की जरूरत है। आपका टेंडर हो गया है, लिहाजा कागजात मुझे व्हाट्सएप कर दिजिए। जैसा आरोपी ने बताया था विजय जैन ने वैसा ही किया। अपनी फर्म का कोटेशन और अन्य डाक्यूमेंट व्हाट्सएप पर भेज दिए। इसके बाद डिपोजिट राशि के रूप में दो बार अलग-अलग करीब 1 लाख रूपए ऑनलाइन पेमेंट मंगवाया। पेमेंट ट्रांसफर होने के बाद कॉल करने वाले शख्स का मोबाइल फोन बंद हो गया। 18 अप्रैल को हुए इस घटनाक्रम के बाद विजय जैन ने माधवनगर पुलिस को मामले की शिकायत की थी। अब जाकर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया है। विजय जैन ने बताया कि जिस शख्स ने धोखाधड़़ी की है, उसका नाम आशीष शर्मा के रूप में सामने आया है। आशीष शर्मा खुद को महाकालेश्वर मंदिर के प्रमुख पुजारियों के परिवार का सदस्य बता रहा था। इलेक्ट्रानिक कारोबारी विजय जैन ने इस मामले में आईजी संतोष कुमार से शिकायत की है। विजय जैन ने बताया कि आरोपी का नाम सामने आ चुका है, उसके बैंक खाते की जानकारी भी सामने आ चुकी है फिर भी आरोपी को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।

Related Articles

Back to top button